प्रतापगढ़ में देल्हूपुर पुलिस ने आभूषण चोरी के मामले में नियाजुल बानो नामक महिला को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके पास से चोरी किए गए गहनों को गलाकर तैयार किए गए नए आभूषण और उनकी बिक्री से प्राप्त 1500 रुपये नकद बरामद किए हैं। पुलिस पूछताछ में नियाजुल बानो ने बताया कि हाल ही में वह अपनी छोटी बच्ची के साथ देल्हूपुर बाजार स्थित लक्ष्मी ज्वेलरी दुकान पर गई थी। वहां उसने एक झुमका 42 हजार रुपये में बेचा था, जिसमें 12 हजार रुपये उसे मौके पर मिले थे और 30 हजार रुपये बकाया थे। महिला ने यह भी बताया कि वह झुमका उसने परवीन नाम की महिला के घर से चोरी किया था। उसने बताया कि कुछ महीने पहले दिन के समय वह परवीन के घर गई थी, जहां ताले खुले थे। घर के अंदर एक संदूक में रखी काली पन्नी से उसने जेवर निकाल लिए। नियाजुल बानो ने स्वीकार किया कि त्योहारों और शादियों में वह इन्हीं गहनों को मांगकर पहना करती थी। महिला ने बताया कि करीब चार साल पहले उसकी बड़ी बेटी की शादी में काफी कर्ज हो गया था। जब उधार चुकाने का दबाव बढ़ा, तो उसने चोरी किए गए गहनों को गलवाकर एक तोले का हार, झुमके, अंगूठी और दो जोड़ी चांदी की पायलें बनवाईं। उसने कहा कि चोरी के गहने बेचकर मिले 12 हजार में से अब सिर्फ 1500 रुपये ही बचे हैं।