पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने साप्ताहिक परेड का किया निरीक्षण, पुलिसकर्मियों को दिए आवश्यक निर्देश

पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने साप्ताहिक परेड का किया निरीक्षण, पुलिसकर्मियों को दिए आवश्यक निर्देश

 

परेड में वर्दी और टर्नआउट की जांच, पुलिस लाइन की व्यवस्थाओं का लिया जायजा

 

लवकुश सिंह संवाददाता

अनुराग लक्ष्य न्यूज बस्ती

 

बस्ती। पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने शुक्रवार, 23 अक्टूबर को पुलिस लाइन बस्ती में साप्ताहिक परेड का निरीक्षण किया। परेड की सलामी लेने के बाद उन्होंने पुलिसकर्मियों के टर्नआउट की जांच की और ड्यूटी के दौरान उच्च कोटि की वर्दी धारण करने तथा आमजन के साथ मधुर व्यवहार बनाए रखने के निर्देश दिए।

 

परेड के दौरान पुलिसकर्मियों को शस्त्रों की हैंडलिंग एवं संचालन के संबंध में प्रशिक्षण भी दिया गया, ताकि वे शस्त्रों के सुरक्षित और उचित उपयोग की जानकारी प्राप्त कर सकें।

इसके बाद पुलिस अधीक्षक ने पुलिस लाइन स्थित शस्त्रागार, जीडी कार्यालय, गणना कार्यालय, पुलिस अस्पताल, परिवहन शाखा, कैंटीन, भोजनालय, बैरकों, यातायात कार्यालय और डायल 112 कार्यालय का भ्रमण कर निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता, साफ-सफाई तथा सरकारी अभिलेखों के समुचित रखरखाव को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

 

निरीक्षण के उपरांत पुलिस अधीक्षक ने अर्दली रूम भी किया। इस दौरान क्षेत्राधिकारी लाइन, प्रतिसार निरीक्षक बस्ती, पुलिस अधीक्षक के पीआरओ सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।