गणेशपुर में विकसित होगी आधुनिक टाउनशिप, भूमि चयन के लिए जिलाधिकारी ने किया स्थलीय निरीक्षण
मुख्यमंत्री शहरी विस्तारीकरण योजना के तहत सुनियोजित शहरी विकास की पहल, आधुनिक सुविधाओं से युक्त आवासीय भूखंड उपलब्ध कराने की तैयारी
लवकुश सिंह संवाददाता
अनुराग लक्ष्य न्यूज बस्ती
बस्ती। जनपद में सुनियोजित शहरी विकास को नई दिशा देने के लिए मुख्यमंत्री शहरी विस्तारीकरण योजना के अंतर्गत अत्याधुनिक टाउनशिप विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई है। बस्ती विकास प्राधिकरण द्वारा प्रस्तावित इस महत्वाकांक्षी परियोजना के लिए गणेशपुर में भूमि चयन की प्रक्रिया तेज कर दी गई है। इसी क्रम में जिलाधिकारी के नेतृत्व में प्राधिकरण एवं राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने प्रस्तावित स्थल का स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने प्रस्तावित भूमि की भौगोलिक स्थिति, संपर्क मार्गों की उपलब्धता और भू-उपयोग से संबंधित विभिन्न पहलुओं का गहनता से जायजा लिया। साथ ही परियोजना से जुड़ी आवश्यक प्रक्रियाओं को जल्द से जल्द पूरा करने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया।
प्रस्तावित टाउनशिप में नागरिकों को बेहतर बुनियादी सुविधाओं से युक्त आवासीय भूखंड उपलब्ध कराने की योजना है। इसके तहत चौड़ी सड़कें, आधुनिक ड्रेनेज सिस्टम, पार्क, सुचारू जलापूर्ति और उन्नत विद्युत व्यवस्था जैसी सुविधाएं विकसित किए जाने की परिकल्पना है। इससे लोगों को बेहतर आवासीय वातावरण मिलने के साथ ही व्यवस्थित शहरी जीवन का लाभ मिल सकेगा।
इस परियोजना को जनपद में नियोजित शहरीकरण को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। व्यवस्थित टाउनशिप विकसित होने से अनियोजित बस्तियों और अवैध कॉलोनियों की समस्या पर अंकुश लगाने में मदद मिलने की उम्मीद है। इसके साथ ही स्थानीय स्तर पर व्यापार, निवेश और रोजगार के नए अवसर भी पैदा हो सकते हैं।