महेन्द्र कुमार उपाध्याय
अयोध्या धाम। श्रीअयोध्या धाम स्थित प्रसिद्ध पीठ बड़ा भक्तमाल में आयोजित पावन अष्टयाम कथा के शुभ अवसर पर अध्यात्म और संत समागम का अनुपम दृश्य देखने को मिला। इस धार्मिक अनुष्ठान में अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं संकट मोचन सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष पूज्य महंत संजय दास जी महाराज तथा श्रृंगी ऋषि पीठाधीश्वर पूज्य महंत हेमंत दास जी महाराज ने अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराई।
कार्यक्रम के दौरान दोनों पूज्य संतों ने कथा की व्यास पीठ पर विराजमान परम पूज्य आचार्य मिथिलेशनंदिनी शरण जी महाराज तथा बड़ा भक्तमाल के पीठाधीश्वर पूज्य महंत अवधेश कुमार दास जी महाराज को सादर प्रणाम कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।
इसके पश्चात, उपस्थित संतों ने अत्यंत श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ अष्टयाम कथा का श्रवण किया। इस अवसर पर संतों ने प्रभु श्रीराम की महिमा का गुणगान करते हुए कहा कि संतों का सानिध्य और श्रीराम कथा का श्रवण मानव जीवन को धन्य करता है तथा समाज में धर्म और सद्भाव की भावना को प्रबल बनाता है। पूरे आयोजन के दौरान मंदिर परिसर श्रीराम नाम के संकीर्तन और भक्तिमय वातावरण से गुंजायमान रहा।






Views Today : 15961
Who's Online : 21