मुर्गी पालन से लेकर मोबाइल रिपेयरिंग तक आरसेटी बस्ती देगा निःशुल्क प्रशिक्षण
बस्ती। ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं एवं बेरोजगार लोगों को आत्मनिर्भर बनाने और उन्हें स्वरोजगार से जोड़ने के उद्देश्य से भारतीय स्टेट बैंक ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (आरसेटी), रामपुर, बस्ती द्वारा विभिन्न प्रकार के निःशुल्क प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। संस्थान का उद्देश्य युवाओं को हुनरमंद बनाकर उन्हें अपने पैरों पर खड़ा होने का अवसर प्रदान करना है।
इसी क्रम में आरसेटी बस्ती द्वारा जल्द ही बकरी पालन एवं मोबाइल रिपेयरिंग का निःशुल्क प्रशिक्षण शुरू किया जाएगा। दोनों प्रशिक्षण कार्यक्रमों में 35-35 प्रशिक्षुओं को प्रशिक्षण दिया जाएगा। इन प्रशिक्षण कार्यक्रमों में चयन पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर किया जाएगा। प्रशिक्षण के दौरान प्रशिक्षुओं के रहने एवं खाने-पीने की संपूर्ण व्यवस्था संस्थान की ओर से निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएगी।
इस संबंध में आरसेटी निदेशक श्री मृत्युंजय मिश्रा जी ने बताया कि चालू वित्तीय वर्ष में संस्थान को कुल 1,000 लोगों को प्रशिक्षित करने का लक्ष्य दिया गया है, जिसके सापेक्ष अब तक 500 लोगों को विभिन्न विधाओं में प्रशिक्षण प्रदान किया जा चुका है। उन्होंने बताया कि वर्तमान में संस्थान में ब्यूटी पार्लर का प्रशिक्षण भी संचालित किया जा रहा है। इसके साथ ही बकरी पालन एवं मोबाइल रिपेयरिंग जैसे रोजगारपरक प्रशिक्षण कार्यक्रमों के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों को स्वरोजगार से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
उन्होंने आगे बताया कि प्रशिक्षण पूरा होने के बाद प्रशिक्षुओं को अपना स्वयं का व्यवसाय शुरू करने के लिए बैंक ऋण प्राप्त करने में भी सहायता प्रदान की जाएगी। मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान योजना के अंतर्गत पात्र लाभार्थियों को 50 हजार रुपये से लेकर 5 लाख रुपये तक का ऋण उपलब्ध कराने में मार्गदर्शन एवं सहयोग किया जाएगा, जिससे वे अपनी रुचि एवं कौशल के अनुसार स्वरोजगार शुरू कर सकें।
आरसेटी बस्ती की यह पहल ग्रामीण युवाओं, महिलाओं एवं बेरोजगार व्यक्तियों के लिए रोजगार के नए अवसर खोलने के साथ-साथ उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। संस्थान के संकाय सदस्य श्री धीरज राय एवं अखिलेश मिश्रा जी ने कहा कि प्रशिक्षण प्राप्त कर युवा नौकरी तलाशने के बजाय स्वयं रोजगार सृजित करने और दूसरों को भी रोजगार देने की दिशा में आगे बढ़ सकते हैं।






Views Today : 15959
Who's Online : 21