महेन्द्र कुमार उपाध्याय
अयोध्या । पंचकोसी परिक्रमा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सहायता में मुस्तैद अयोध्या पुलिस की तत्परता एक बार फिर देखने को मिली है। चौकी प्रभारी लक्ष्मण घाट संदीप कुमार ने सर्विलांस सेल की मदद से महज आधे घंटे के भीतर परिक्रमा मार्ग पर गिरा एक युवती का एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद कर उसे सौंप दिया। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई की श्रद्धालुओं ने भूरि-भूरि प्रशंसा की है।
जानकारी के अनुसार, इनायतनगर थाना क्षेत्र के सुरवारा चमनगंज निवासी सुभाष शुक्ला अपनी पुत्री शुचि शुक्ला के साथ शुक्रवार (20 नवंबर) की रात पंचकोसी परिक्रमा करने आए थे। रात करीब साढ़े नौ बजे परिक्रमा करने के दौरान रास्ते में कहीं शुचि का एंड्रॉयड मोबाइल फोन गिर गया। मोबाइल गायब होने की जानकारी होते ही पिता-पुत्री परेशान हो गए और उन्होंने तत्काल परिक्रमा ड्यूटी पर तैनात लक्ष्मण घाट चौकी प्रभारी संदीप कुमार को इसकी सूचना दी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए चौकी प्रभारी ने बिना समय गंवाए मोबाइल नंबर लेकर सर्विलांस सेल को भेजा। सर्विलांस टीम की तकनीकी मदद से कुछ ही देर में मोबाइल की सटीक लोकेशन ट्रेस कर ली गई। लोकेशन मिलते ही चौकी प्रभारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और आसपास तलाश कर मोबाइल फोन बरामद कर लिया। इसके बाद चौकी पर इंतजार कर रही शुचि शुक्ला को उनका खोया हुआ मोबाइल सुपुर्द किया गया। महज आधे घंटे के भीतर अपना कीमती फोन वापस पाकर शुचि के चेहरे पर खुशी लौट आई। इस सराहनीय कार्य के लिए शुचि और उनके पिता सुभाष शुक्ला ने चौकी प्रभारी संदीप कुमार व पुलिस टीम का आभार जताते हुए उनकी कार्यशैली की प्रशंसा की।






Views Today : 10393
Who's Online : 12