महेन्द्र कुमार उपाध्याय
अयोध्या। कार्तिक मास के पावन पर्व पर अयोध्या धाम स्थित लव कुश मंदिर और प्राचीन श्री लव कुश भवन वाल्मीकि आश्रम में तुलसी विवाह महोत्सव का आयोजन अत्यंत हर्षोल्लास एवं श्रद्धापूर्वक संपन्न हुआ। वैदिक मंत्रोच्चार व पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ भगवान शालिग्राम और माता तुलसी का पाणिग्रहण संस्कार कराया गया। यह भव्य धार्मिक अनुष्ठान लव कुश मंदिर के महंत रामकेवल दास तथा प्राचीन श्री लव कुश भवन वाल्मीकि आश्रम के महंत रामदास महाराज के पावन सान्निध्य में संपन्न हुआ। महोत्सव के अवसर पर पूरे मंदिर एवं आश्रम परिसर को आकर्षक फूलों और रंग-बिरंगी रोशनी से भव्य रूप प्रदान किया गया था।
अनुष्ठान के दौरान श्रद्धालुओं और महिलाओं द्वारा गाए गए पारंपरिक मंगल गीतों से समूचा वातावरण भक्तिमय हो उठा। विवाह संस्कार के उपरांत आरती की गई और उपस्थित भक्तों के बीच प्रसाद का वितरण किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में संत-महंत व स्थानीय श्रद्धालु शामिल रहे।






Views Today : 10389
Who's Online : 12