महेन्द्र कुमार उपाध्याय
अयोध्या। आचार्य पीठ लक्ष्मण किला की शाखा जानकीवर भवन में प्राचीन सनातन परंपरा के अनुरूप महंती की रस्म गरिमामय वातावरण में संपन्न हुई। पूर्व महंत जानकी जीवन शरण के साकेतवास के उपरांत तेरहवीं के अवसर पर संत समाज की उपस्थिति में लक्ष्मण किलाधीश मैथिली रमण शरण महाराज ने गौरीशंकर शरण को कंठी-चादर ओढ़ाकर महंती का दायित्व प्रदान किया।पूर्व महंत के साकेतवास के बाद से ही गौरीशंकर शरण आश्रम की व्यवस्था और सेवा-सुश्रूषा का दायित्व पूरी निष्ठा के साथ निभा रहे थे। उनके इसी समर्पण और सेवाभाव को देखते हुए संत समाज ने सर्वसम्मति से उन्हें आश्रम का नया महंत नियुक्त किया। कार्यक्रम की शुरुआत लक्ष्मण किलाधीश द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के बीच कंठी-चादर प्रदान करने के साथ हुई।इस धार्मिक अनुष्ठान में शामिल होने के लिए बृजमोहन दास महाराज, सीताराम दास त्यागी तथा रसिक परिवार के जन्मेजय शरण महाराज सहित अनेक संत-महंत आश्रम पहुंचे थे, हालांकि कार्यक्रम में कुछ विलंब होने के कारण वे पहले ही प्रस्थान कर गए। महंती समारोह के उपरांत विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में संतों, महंतों और श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया और संतों को दक्षिणा भेंट कर विदा किया गया। इस अवसर पर संतों ने स्थान की मर्यादा बनाए रखने के साथ-साथ निरंतर संत सेवा, गौ सेवा और पारंपरिक उत्सव-समारोहों को भव्य रूप से जारी रखने का संकल्प लिया।






Views Today : 10392
Who's Online : 12