महेन्द्र कुमार उपाध्याय
अयोध्या, 22 नवंबर 2026
जिला महिला चिकित्सालय में रविवार को पल्स पोलियो अभियान का औपचारिक शुभारंभ किया गया। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग अयोध्या मंडल के अपर निदेशक डॉ. राजेश कुमार, मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. देवेंद्र कुमार तथा जिला महिला चिकित्सालय की अधीक्षिका डॉ. विभा कुमारी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर और फीता काटकर पोलियो बूथ का उद्घाटन किया। इसके पश्चात नौनिहालों को पोलियो की दो बूंद दवा पिलाकर अभियान की शुरुआत की गई। इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. देवेंद्र कुमार ने जनपदवासियों से अपील की कि वे 0 से 5 वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियो की खुराक अवश्य पिलाएं, ताकि बच्चे स्वस्थ और सुरक्षित रह सकें। उन्होंने बताया कि अभियान के शत-प्रतिशत लक्ष्य को पूरा करने के लिए जिले में कुल 1,382 बूथ स्थापित किए गए हैं, जिनमें ग्रामीण क्षेत्रों में 1,271 बूथ और शहरी क्षेत्रों में 111 बूथ शामिल हैं।
सीएमओ ने कहा कि यदि किन्हीं कारणों से कोई बच्चा बूथ पर दवा पीने से वंचित रह जाता है, तो स्वास्थ्य विभाग की टीमें सोमवार से घर-घर जाकर बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाएंगी। उन्होंने जिले को पोलियो मुक्त बनाए रखने में सभी नागरिकों से पूर्ण सहयोग देने का आह्वान किया। शुभारंभ कार्यक्रम के दौरान जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. पी.सी. भारती, डब्ल्यूएचओ के एसएमओ डॉ. अजय पवार, जेएसआई से अनुराग, वीसीसीएम कौशलेंद्र सिंह सहित जिला महिला चिकित्सालय के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।






Views Today : 10391
Who's Online : 12