जगतगुरु स्वामी सतीशाचार्य महाराज की अध्यक्षता में हुआ भव्य आयोजन, मुंबई के उद्योगपति डॉ. आर.आर. चतुर्वेदी बने मुख्य यजमान एवं आयोजक, राजेंद्र जी का रहा मुख्य सहयोग
अयोध्या। धर्मनगरी अयोध्या में संत सेवा और अन्नदान की परंपरा का अद्भुत उदाहरण देखने को मिला। हनुमानगढ़ी स्थित श्री हनुमत कथा मंडपम, इमलीबाग में आयोजित विशाल भंडारे में 25 हजार से अधिक साधु-संतों ने प्रसाद ग्रहण किया। आयोजकों के अनुसार, इस आयोजन ने पिछले 100 वर्षों के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ते हुए नया कीर्तिमान स्थापित किया है। इस भव्य आयोजन की जानकारी जगतगुरु स्वामी सतीशाचार्य महाराज ने मानस होटल में मीडिया को दी।
पूज्य जगतगुरु स्वामी सतीशाचार्य महाराज की अध्यक्षता में आयोजित इस संत सेवा कार्यक्रम में मुंबई के प्रतिष्ठित उद्योगपति एवं श्रीपति ग्रुप के डॉ. आर.आर. चतुर्वेदी मुख्य यजमान एवं आयोजक के रूप में अपने पूरे परिवार के साथ शामिल हुए। वहीं, इस वृहद भंडारे में राजेंद्र जी का मुख्य सहयोग रहा। सभी के सामूहिक प्रयास से हजारों साधु-संतों के लिए भोजन, प्रसाद और दक्षिणा की व्यवस्था की गई।
महाराज के अनुसार, भाग्य सरयू आरती एवं भजन संध्या के दूसरे दिन सुबह आठ बजे से भंडारे का शुभारंभ हुआ, जो रात दस बजे तक अनवरत चलता रहा। करीब 14 घंटे तक चले इस आयोजन में हनुमानगढ़ी सहित अयोध्या के विभिन्न मठों, मंदिरों और आश्रमों से बड़ी संख्या में साधु-संत पहुंचे। सभी संतों को श्रद्धापूर्वक भोजन कराने के बाद प्रसाद और दक्षिणा भेंट कर सम्मानपूर्वक विदाई दी गई।
इस अवसर पर जगतगुरु स्वामी सतीशाचार्य महाराज ने कहा कि किसी भूखे को भोजन कराना और प्रसाद ग्रहण कराना बहुत बड़ा पुण्य है, लेकिन साधु-संतों की सेवा करना उससे भी बड़ा पुण्य का कार्य है। अयोध्या जैसी पावन नगरी में आकर संतों की सेवा करने का अवसर मिलना उनके लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने कहा कि अयोध्या की महिमा देवलोक से भी बड़ी है। वह इस पवित्र धरती को प्रणाम करते हैं और यहां विराजमान सभी संत-महात्माओं के प्रति श्रद्धा व्यक्त करते हैं।
महाराज ने कहा कि संतों की सेवा भारतीय सनातन परंपरा का महत्वपूर्ण अंग है। संत समाज का आशीर्वाद और सान्निध्य ही ऐसे आयोजनों की वास्तविक सफलता है। 25 हजार से अधिक साधु-संतों की सहभागिता ने इस भंडारे को विशेष बना दिया।





Views Today : 10327
Who's Online : 19