: राज्य ललित कला अकादमी, उत्तर प्रदेश के 64वें स्थापना दिवस के अवसर पर लाल बारादारी भवन, कैसरबाग, लखनऊ में एक भव्य कला प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। यह प्रदर्शनी 13 फरवरी तक आमजन और कलाकारों के लिए खुली रहेगी। प्रदर्शनी में संग्रहित कला जगत के श्रेष्ठतम और मुर्धन्य कलाकारों द्वारा सृजित कलाकृतियां प्रदर्शित की गई हैं, जिसमें पदमश्री श्याम शर्मा की छापाकला की कलाकृतियां विशेष आकर्षण का केंद्र बनीं हुई हैं।उत्तर प्रदेश के संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने प्रदर्शनी का उद्घाटन करते हुए कहा कि राज्य ललित कला अकादमी की यह प्रदर्शनी कला के प्रति हमारे समर्पण और प्रेरणा का प्रतीक है। यह हमें अपनी सांस्कृतिक धरोहर को संजोने और बढ़ावा देने की प्रेरणा देती है, और प्रदर्शित कलाकृतियां युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेंगी।राज्य ललित कला अकादमी, उत्तर प्रदेश की निदेशक डॉ. श्रद्धा शुक्ला ने जानकारी दी कि प्रदर्शनी में कला जगत के दिग्गज कलाकारों जैसे एम.एफ. हुसैन, मदनलाल नागर, बद्रीनाथ आर्य, अजीत सिंह पंवार, के.एस. कुलकर्णी, सुधीर रंजन खास्तगीर, मो. सलीम, अरशद अमीन, और योगेंद्र नाथ योगी की कलाकृतियां प्रदर्शित की गई हैं। प्रदर्शनी का उद्देश्य नवोदित कलाकारों को कला के मुर्धन्य कलाकारों से जोड़ना और उनसे प्रेरणा प्राप्त करने का अवसर प्रदान करना है।प्रदर्शनी में अकादमी के बी.वी.ए.(चित्रकला) के प्रथम वर्ष के छात्र-छात्राओं ने भी अपनी कृतियों को प्रदर्शित किया है। यह प्रदर्शनी कला प्रेमियों, विद्यार्थियों और भारतीय कला के विभिन्न रूपों और शैलियों में रुचि रखने वालों के लिए एक अद्वितीय अवसर है।प्रदर्शनी 13 फरवरी तक प्रातः 11:00 बजे से सायं 05:00 बजे तक अवलोकनार्थ खुली रहेगी