नगर पंचायत बनकटी में छठ पर्व की तैयारियां तेज, छह वार्डों में बन रहे नए छठ घाट

नगर पंचायत बनकटी में छठ पर्व की तैयारियां तेज, छह वार्डों में बन रहे नए छठ घाट

 

छठ व्रतियों की सुविधा के लिए साफ-सफाई, मरम्मत और अन्य व्यवस्थाओं पर विशेष जोर

 

 

लवकुश सिंह संवाददाता

अनुराग लक्ष्य न्यूज बस्ती

 

बस्ती। लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को लेकर नगर पंचायत बनकटी में तैयारियां तेज हो गई हैं। पर्व को देखते हुए नगर पंचायत क्षेत्र के छह वार्डों में नए छठ घाटों का निर्माण कराया जा रहा है। इसके साथ ही पहले से मौजूद छठ घाटों की साफ-सफाई, मरम्मत और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने का कार्य भी तेजी से चल रहा है।

 

नगर पंचायत के वार्ड लक्ष्मीबाई नगर के यादव पुरवा एवं फैलवा, कृष्णा नगर के चौधरी पुरवा, पटेल नगर के कटौधा, अंबेडकर नगर के बासापार तथा मोहन नगर के बरंडा में नए छठ घाटों का निर्माण कराया जा रहा है। इन स्थानों पर कारीगरों और मजदूरों द्वारा तेजी से निर्माण कार्य किया जा रहा है, ताकि छठ महापर्व से पहले घाटों को तैयार कर श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।

 

प्रदेश कार्यसमिति सदस्य एवं वरिष्ठ भाजपा नेता इंजीनियर अरविंद पाल के नेतृत्व तथा अतुल पाल के संरक्षण में छठ घाटों के निर्माण और व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने का कार्य कराया जा रहा है। इसके तहत घाटों की साफ-सफाई, पहुंच मार्गों को व्यवस्थित करने और पूजा-अर्चना के लिए जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

 

गौरतलब है कि छठ महापर्व पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु नदी, तालाबों और विभिन्न घाटों पर पहुंचकर अस्ताचलगामी एवं उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करते हैं। ऐसे में घाटों की स्वच्छता, सुरक्षा और बेहतर व्यवस्थाएं श्रद्धालुओं के लिए बेहद महत्वपूर्ण हैं।

 

नए छठ घाटों के निर्माण से स्थानीय लोगों को अपने ही मोहल्लों में पूजा-अर्चना की सुविधा मिल सकेगी। नगर पंचायत क्षेत्र में चल रहे इन कार्यों को लेकर स्थानीय लोगों में उत्साह है। प्रयास किया जा रहा है कि पर्व से पहले सभी घाटों को पूरी तरह तैयार कर स्वच्छ, सुरक्षित और सुविधाजनक बनाया जाए।