छठी मैया से प्रार्थना, अगले वर्ष बस्ती में सुख-समृद्धि और विकास की नई इबारत लिखेगा छठ पर्व : मनीष मिश्रा

छठी मैया से प्रार्थना, अगले वर्ष बस्ती में सुख-समृद्धि और विकास की नई इबारत लिखेगा छठ पर्व : मनीष मिश्रा

 

छठ व्रतियों और मंदिरों पर होगी पुष्पवर्षा, बस्ती को देश के 100 विकसित जिलों में शामिल कराने का संकल्प

 

लवकुश सिंह संवाददाता

अनुराग लक्ष्य न्यूज बस्ती

 

बस्ती। लोक आस्था और सूर्य उपासना के महापर्व छठ के अवसर पर पहल संस्था के संस्थापक मनीष मिश्रा ने छठी मैया से बस्ती जनपद की सुख-समृद्धि, खुशहाली और सर्वांगीण विकास की कामना की। उन्होंने कहा कि उनका संकल्प है कि अगले वर्ष जब छठ महापर्व आए तो बस्ती विकास और समृद्धि की नई पहचान के साथ आगे बढ़ चुका हो।

 

श्रीकृष्ण पाण्डेय इंटर कॉलेज के मैदान में नवनिर्मित हेलीपैड का निरीक्षण करने पहुंचे मनीष मिश्रा ने मीडिया से बातचीत में बताया कि छठ पर्व के अवसर पर जनपद के विभिन्न मंदिरों और छठ व्रतियों पर पुष्पवर्षा की जाएगी। उन्होंने कहा कि छठी मैया की आराधना करने वाली माताओं और बहनों के सम्मान तथा उनकी आस्था के प्रति समर्पण व्यक्त करना हम सभी का दायित्व है। इस आयोजन को भव्य और यादगार बनाने की तैयारियां की जा रही हैं।

 

उन्होंने कहा कि छठ पर्व केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक नहीं है, बल्कि यह सामाजिक एकता, स्वच्छता, समर्पण और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का संदेश भी देता है। इस पर्व की पवित्रता समाज को आपसी प्रेम और सहयोग की भावना से जोड़ती है।

 

बस्ती के विकास को लेकर अपना संकल्प दोहराते हुए मनीष मिश्रा ने कहा कि जनपद को देश के 100 प्रमुख विकसित जिलों में शामिल कराना उनका लक्ष्य है। इसके लिए शिक्षा, रोजगार, महिला सशक्तीकरण, सामाजिक उत्थान और बुनियादी सुविधाओं के विस्तार की दिशा में निरंतर प्रयास किए जाएंगे।

 

राजनीति में आने और चुनाव लड़ने के सवाल पर उन्होंने कहा कि मेरे आराध्य भगवान श्रीकृष्ण हैं। यदि भगवान श्रीकृष्ण का आदेश होगा कि बस्ती के विकास के लिए चुनाव लड़ना है, तो मैं चुनाव भी लड़ूंगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनके लिए राजनीति व्यक्तिगत महत्वाकांक्षा नहीं, बल्कि जनसेवा और विकास का माध्यम होनी चाहिए।

 

मनीष मिश्रा ने कहा कि वह जो भी संकल्प लेते हैं, उन्हें पूरा करने का प्रयास करते हैं। उनका उद्देश्य केवल घोषणाएं करना नहीं, बल्कि धरातल पर कार्य करके लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाना है।

 

महिला स्वावलंबन और सहयोग की दिशा में उन्होंने घोषणा की कि शीघ्र ही समूहों से जुड़ी सभी बहनों को उच्च गुणवत्ता वाले कंबलों का वितरण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जरूरतमंद महिलाओं को सहयोग देना और उनके सम्मान एवं स्वावलंबन को बढ़ावा देना सामाजिक जिम्मेदारी का हिस्सा है।

 

उन्होंने कहा कि बस्ती की पहचान धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत के साथ-साथ विकास, रोजगार, सामाजिक सेवा और जनकल्याण के क्षेत्र में भी स्थापित होनी चाहिए। इसी उद्देश्य के साथ वह जनपद के उज्ज्वल भविष्य के लिए अपने संकल्पों को पूरा करने में निरंतर जुटे रहेंगे।