उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग ने धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने और श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं प्रदान करने के लिए निरंतर प्रयास किए हैं। इसी कड़ी में अयोध्या के दो प्रमुख धार्मिक स्थलों के विकास के लिए 2.23 करोड़ रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई है। इनमें से 1.34 करोड़ रुपये पहले ही जारी किए जा चुके हैं।उत्तर प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि तुलसीदास जी के छावनी मंदिर में पर्यटक सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए 1.23 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई है। इनमें से 74 लाख रुपये पहले ही जारी किए जा चुके हैं। इस राशि से मंदिर परिसर के जर्जर भवनों का जीर्णोद्धार, सफाई व्यवस्था और अन्य पर्यटक सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा, जिससे श्रद्धालुओं को एक स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण मिलेगा।इसके अलावा, मंत्री ने बताया कि तारून ब्लॉक स्थित कम्हरिया बाबा मंदिर के विकास के लिए 1 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की गई है। इस राशि से यात्री शेड, शौचालय, बेंच, इंटरलॉकिंग, चबूतरा, साइनेज और सोलर लाइट जैसी आधुनिक सुविधाएं स्थापित की जाएंगी। इसके लिए 60 लाख रुपये पहले ही जारी किए जा चुके हैं।मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि इन विकास कार्यों के पूर्ण होने से अयोध्या आने वाले पर्यटकों और श्रद्धालुओं को उच्च स्तरीय सुविधाएं प्राप्त होंगी, जो धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने में सहायक होंगी। सरकार का उद्देश्य आध्यात्मिक स्थलों का विकास कर उन्हें विश्वस्तरीय पहचान देना है, ताकि श्रद्धालु और पर्यटक यहां आकर दिव्य और धार्मिक अनुभव प्राप्त कर सकें।