दरवाजे पर बंधी तीन भैस को पिकप पर लादकर उठा ले गए चोर

 

बस्ती। नगर थाना क्षेत्र के खजुरिया श्रीनेत गांव से रात में घर के दरवाजे पर बंधी तीन भैस को खोल कर चोर पिकप पर लादकर उठा ले गए। आहट पाकर पशु मालिक ने जब उनका पीछा किया तो चोर वाहन को तेजी से भगाते हुए निकल भागे। पीडित ने तत्काल इसकी सूचना डॉयल112 पर दी। सूचना पाकर मौके पर पुलिस पहुंचती, उससे पहले ही वे फरार हो गए। तहरीर के आधार पर अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर पुलिस मामले की जाँच कर रही है।
खजुरिया श्रीनेत गांव निवासी मुनिराम यादव ने नगर पुलिस को दी गई तहरीर मे कहा है कि रोज की भांति वह और उनका परिवार खाना खाकर सो गए। रात्रि लगभग साढ़े 11 बजे खटपट की आवाज सुनकर नींद खुली तो देखा कुछ लोग द्वार पर बंधी तीन भैंस को खोल कर ले जा रहे हैं। उनका पीछा करते हुए वे गाँव के उत्तर तरफ गोपियापार बढनी मार्ग पर स्थित सागौन के बाग के पास पहुंचे तो भैंस को पिकअप पर लादकर ले जा रहे चोरों को देख उन्हें रूकने के लिए आवाज दिया, जिस पर चोरों ने वाहन उसकी तरफ तेजी से मोड दिया। बचते हुए डंडा लेकर जब उसने पिकअप के ऊपर पटका तो पिकअप चालक वाहन को गोटवा की तरफ तेजी से लेकर भाग निकला। पीडित के अनुसार तीनों भैंस की कीमत लगभग दो लाख 85 हजार रुपये है। थाना प्रभारी नगर देवेंद्र सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जाँच की जा रही है।