बस्ती। कोतवाली थाना क्षेत्र के रौता चौराहा (अमूरतहिया) निवासी नाती माता प्रसाद पाठक और उसकी पत्नी संध्या पाठक को 65 वर्षीय नानी की हत्या करने के मामले में पुलिस ने गिरफ्तार किया है। सिद्धार्थनगर जिले के त्रिलोकपुर थाना क्षेत्र के पड़िया निवासी नानी राधिका देवी पत्नी स्व. रमाकान्त पाण्डेय ने अपनी चल अचल सम्पत्ति को अपनी बेटी के पुत्र माता प्रसाद पाठक को रजिस्टर्ड वसीयत कर दिया था। वसीयत के बाद वह नानी को 16 अक्टूबर को यह कहकर बस्ती अपने घर ले आया कि वहां इनकी अच्छी तरह से देख भाल, सेवा सत्कार किया जाएगा। नानी को घर लेकर आने के दो दिन बाद 18 अक्टूबर को उनकी संदिग्ध मौत हो गई। नाती ने नानी के घर फोन कर उनकी मृत्यु हो जाने की सूचना दी, मौत का कारण कमरे में पैर फिसलने से लगी चोट से होना बताया। इस सूचना के बाद पड़िया से परिवार बस्ती रौता पहुंचा, शव को घर लेकर आया। उनके सिर में कई जगह गंम्भीर चोट के निशान दिखने के बाद परिवार को हत्या की आशंका हुई। इसके बाद पड़िया निवासी परागदत्त पाण्डेय ने अपनी भाभी राधिका देवी की हत्या का संदेह जताते हुए त्रिलोकपुर थाने पर तहरीर दी। त्रिलोकपुर थाने पर शून्य अपराध संख्या पर अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे बस्ती स्थानांतरित कर दिया गया। कोतवाली पुलिस ने दर्ज मुकदमें के आधार पर मामले की छानबीन शुरू की। 2 टीमो का गठन किया गया। टीमो द्वारा संदेह के आधार मृतका के नाती माता प्रसाद पाठक, उसकी पत्नी संध्या पाठक को थाने पर लाकर पूछताछ की गई तो हत्या मामले का खुलासा हो गया।
पुलिस के अनुसार पहले तो दोनो ने घटना को दुर्घटना बताया, लेकिन घटना स्थल के निरीक्षण, फारेंसिक जांच के दौरान संकलित साक्ष्य के आधार पर जब उनसे कड़ाई से पूछताछ की गई तो हत्या का खुलासा हो गया। पूछताछ में हत्यारोपी नाती ने स्वीकार किया कि वह नानी द्वारा वसीयत की गई सम्पत्ति को बेचना चाहता था, जिसके लिए वह तैयार नहीं थी, कहती थी कि यदि ज्यादा परेशान करोगे तो वह अपनी सारी सम्पत्ति अपने पति के भाइयों को लिख देंगी। इस कारण वह योजनाबद्ध तरीके से उन्हे अपने घर लेकर आया और सीमेंटेड ईंट से सिर कुचकर हत्या कर दिया, शव का अन्तिम संस्कार करने के पहले पडिया फोन कर सूचना दिया कि नानी का पैर फिसल जाने के कारण चोट लगने से मृत्यु हो गई है और हम लोग दाह संस्कार हेतु उसे अयोध्या ले जा रहे है । लेकिन नानी के परिवार के लोग पहुंच गए और शव को अपने साथ लेकर चले गए। हत्या मामले में कोतवाली पुलिस ने मृतका के नाती माता प्रसाद पाठक (25), उसकी पत्नी संध्या पाठक (20) को गिरफ्तार कर उनकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त इण्टर लाकिंग ईट, चादर आदि की बरामदगी की। विधिक कार्यवाही करते हुए रिमांड हेतु उन्हे न्यायालय के लिए रवाना किया गया ।