बस्ती। जिले के छह धान क्रय केन्द्र प्रभारियों ने राइस मिल को पूरे धान की डिलेवरी न कर सवा करोड़ रूपए से अधिक के धन का गबन कर लिया। वर्ष 2023- 24 में 263 किसानो से हुई धान खरीद के भाौतिक सत्यापन के दौरान क्रय केन्द्र प्रभारियों के घोटाले का मामला पकड़ में आया।इसके बाद सम्बन्धित थानों में सहकारिता सचिवों द्वारा मुकदमा दर्ज कराया गया है।
दुबौलिया विकास खण्ड के सहकारी संघ चिलमा परसन के सचिव संजीव सिंह ने क्रय केन्द्र प्रभारी राम प्रीत यादव पर 27 किसानों से 249. 908 मैट्रिक टन धान में से 69.908 मैट्रिक टन धान क्रय केन्द्र से सम्बद्ध राइस मिल को प्रेषित न कर 15 लाख 28 हजार 856 रूपए का गबन कर लेने के मामले में दुबौलिया थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। परसरामपुर विकास खण्ड के बी पैक्स ठाकुरपुर के 62 किसानों से क्रय की गई 4785. 70 कुंतल धान में से राइस मिल को 2670 कुंतल धान की आनलाइन डिलेवरी करने, शेष 21150.70 कुंतल धान का 46 लाख 29 हजार 278 रूपए गबन कर लेनेे के मामले में सहायक विकास अधिकारी सहकारिता विजय कुमार वर्मा ने क्रय केन्द्र प्रभारी सुदीप कुमार सिंह के खिलाफ, डीसीएफ भैसहा में 52 किसानों से खरीदे गए 3994.99 कुतल धान में से राइस मिल को 3488 कुंतल धान की आन लाइन डिलेवरी करने, शेष 506.99 कुंतल धान का 9 लाख 81 हजार 286 रूपया गबन कर लेने के मामले में डीसीएफ के सचिव राजीव लोचन ने परसरामपुर थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। विक्रमजोत विकास खण्ड के बी पैक्स पचवस हियारूपुर में 48 किसानों से खरीदे गए 3180.80 कुंतल धान में से राइस मिल को 1882 कुंतल धान की आन लाइन डिलेवरी कर शेष 1298.80 कुंतल धान का 30 लाख 23 हजार 204 रूपया गबन करने के मामले में क्रय केन्द्र प्रभारी घनश्याम वर्मा, बी पैक्स रामगढ़ में 33 किसानों से खरीदे गए 3007 कुंतल धान में से 2300 कुंतल धान की राइस मिल को आनलाइन डिलेवरी कर शेष 707 कुंतल धान का 14 लाख 77 हजार 310 रूपया गबन करने के मामले में क्रय केन्द्र प्रभारी दधीचि सिंह, बी पैक्स शंकरपुर के 41 किसानो से खरीदे गए 3745 कुंतल धान में से 745 कुंतल धान की डिलेवरी न कर 14 लाख 35 हजार 850 हजार रूपया गबन करने के मामले में क्रय केन्द्र प्रभारी राजकुमार दूबे के खिलाफ सहायक विकास अधिकारी सहकारिता राजीव लोचन पाठक ने छावनी थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। सम्बन्धित थाना पुलिस तहरीर के आधार पर आरोपी क्रय केन्द्र प्रभारियों के खिलाफ गबन और ईसी एक्ट की धारा के तहत मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच कर रही है।