कैट की राष्ट्रीय व्यापारी बैठक से “हर घर तिरंगा, हर दुकान तिरंगा” अभियान का राष्ट्रव्यापी आह्वान
कॉन्फ़ेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) की दो दिवसीय राष्ट्रीय व्यापारी बैठक आज नई दिल्ली में संपन्न हुई। देशभर से आए 200 से अधिक वरिष्ठ व्यापारी नेताओं ने सम्मेलन में व्यापारियों के हितों, आर्थिक विकास तथा 12 से 15 अगस्त 2026 तक भारत मंडपम, नई दिल्ली में आयोजित होने वाले भारतीय व्यापार महोत्सव-2026 की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की।
सम्मेलन में “हर घर तिरंगा, हर दुकान तिरंगा” अभियान को देशभर में व्यापक स्तर पर चलाने का निर्णय लिया गया। सभी व्यापारियों से स्वतंत्रता दिवस पर अपने घरों, दुकानों और बाजारों को तिरंगे से सजाने तथा राष्ट्रभक्ति का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया गया। देशभर में तिरंगा यात्राएं, सांस्कृतिक कार्यक्रम और आकर्षक झांकियों का आयोजन भी किया जाएगा। कैट की सभी राज्य एवं जिला इकाइयों को अभियान के सफल संचालन की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि भारतीय व्यापार महोत्सव-2026 को आज़ादी के उत्सव की थीम पर आयोजित किया जाएगा। भारत मंडपम परिसर को तिरंगे की भव्य सजावट से सजाया जाएगा, जिससे देश-विदेश से आने वाले व्यापारियों, उद्योगपतियों और आगंतुकों को “आत्मनिर्भर भारत” का संदेश दिया जा सके।
सांसद एवं कैट के राष्ट्रीय महामंत्री श्री प्रवीन खंडेलवाल ने कहा कि “हर घर तिरंगा, हर दुकान तिरंगा” केवल अभियान नहीं, बल्कि राष्ट्र के प्रति व्यापारियों की श्रद्धा और कर्तव्य का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि देशभर के बाजारों में तिरंगा यात्राएं, सांस्कृतिक कार्यक्रम और राष्ट्रभक्ति से जुड़े आयोजन होंगे तथा प्रत्येक व्यापारी गर्व के साथ अपने प्रतिष्ठान पर तिरंगा फहराएगा।
*भारतीय व्यापारी महोत्सव कैट द्वारा भव्य मेले का आयोजन*
उन्होंने बताया कि भारतीय व्यापार महोत्सव-2026 भारत में निर्मित उत्पादों, एमएसएमई, स्टार्टअप्स, हस्तशिल्प, कृषि, खाद्य प्रसंस्करण, टेक्नोलॉजी एवं अन्य औद्योगिक क्षेत्रों का देश का सबसे बड़ा बहु-क्षेत्रीय व्यापार महोत्सव होगा। यह आयोजन भारतीय उत्पादों को वैश्विक बाजार तक पहुंचाने, निर्यात बढ़ाने और नए व्यापारिक अवसर सृजित करने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
श्री खंडेलवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के “आत्मनिर्भर भारत”, “वोकल फॉर लोकल” और “लोकल टू ग्लोबल” के संकल्पों को साकार करने में व्यापारी समाज अग्रणी भूमिका निभा रहा है। उन्होंने सभी व्यापारिक संगठनों, बाजार संघों एवं व्यापारियों से इस राष्ट्रव्यापी अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील की।