कुर्थिया के पास भीषण सड़क हादसा, अनियंत्रित ट्रक से चार लोगों की दर्दनाक मौत

कुर्थिया के पास भीषण सड़क हादसा, अनियंत्रित ट्रक से चार लोगों की दर्दनाक मौत

 

जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक ने मौके पर पहुंचकर किया निरीक्षण, राहत कार्यों की ली जानकारी

 

निष्पक्ष जांच व कड़ी कार्रवाई के निर्देश, पुलिस बल तैनात कर संभाली गई स्थिति

 

जितेंद्र पाठक

 

संतकबीरनगर। कोतवाली खलीलाबाद क्षेत्र के कुर्थिया के पास रविवार को एक भीषण सड़क हादसे में चार लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। गोरखपुर से बस्ती की ओर जा रहा एक ट्रक अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिससे यह बड़ा हादसा हुआ।

घटना की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी आलोक कुमार व पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे। दोनों अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों से हादसे की विस्तृत जानकारी ली।

निरीक्षण के दौरान राहत व बचाव कार्यों की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। साथ ही दुर्घटना के कारणों की निष्पक्ष जांच कर आवश्यक विधिक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

मृतकों के शवों का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई नियमानुसार कराई जा रही है। मौके पर यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया।

पुलिस द्वारा मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।