पुलिस प्रशासन अलर्ट आधी रात से होगा जलाभिषेक, मंदिर परिसर में 500 पुलिसकर्मी तैनात

बस्ती अगस्त उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले में तीन दिनों से चल रही कांवड़ यात्रा अब धीरे-धीरे समापन की ओर बढ़ती जा रही है। गुरुवार की आधी रात से लाखों शिवभक्तों का जलाभिषेक आरंभ हो जाएगा। इसको लेकर पुलिस-प्रशासन पूरी तरह से अलर्ट पोजिशन में है। कांवड़ियों की भीड़ को ध्यान में रखते हुए पुख्ता सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। पुलिस ने कांवड़ियों द्वारा गुरुवार देर रात से शुरू होने वाले जलाभिषेक को लेकर भी अलर्ट जारी किया है। बाबा भदेश्वरनाथ मंदिर से लेकर कांवड़ रूट पर डीएम-एसपी लगातार भ्रमण कर रहे हैं। अलग-अलग जोन में बंटे कांवड़ रूट पर जोनल व सेक्टर मजिस्ट्रेट व पुलिस अधिकारी लगातार चक्रमण पर हैं।मंदिर में होने वाले जलाभिषेक के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर डीएम-एसपी मंदिर परिसर की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों के साथ मंदिर के आसपास के क्षेत्रों में पैदल भ्रमण भी किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सुरक्षा व्यवस्था के दृष्टिगत ड्रोन कैमरों से निगरानी की जाए। सुरक्षा में लगे पुलिसकर्मी बाडी वार्न कैमरों का प्रयोग करें। ड्यूटी में लगे सभी उपनिरीक्षकों के पास वायरलैस सेट आवश्यक रूप से हों। मंदिर के पास सीएमओ से वार्ता कर एंबुलेंस की व्यवस्था की जाए।मंदिर के प्रवेश द्वार पर डीएफएमडी लगवाने के साथ पुलिसकर्मियों को एचएचएमडी दिए जाने के निर्देश दिए गए हैं।

मंदिर परिसर के अंदर होंगे 500 अधिक पुलिसकर्मी
गुरुवार को बाबा भदेश्वरनाथ मंदिर में कड़ी सुरक्षा के बीच जलाभिषेक होगा। 500 से अधिक पुलिसकर्मी मंदिर परिसर के भीतर व बाहर की सुरक्षा व्यवस्था की कमान संभालेंगे। पुलिस कप्तान गोपालकृष्ण चौधरी ने बताया कि संपूर्ण कांवड़ यात्रा मार्ग के साथ ही मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था का एक्शन प्लान तैयार कर लिया गया है। इसके तहत मंदिर क्षेत्र को दो जोन व दस सेक्टर में बांटकर अधिकारियों की तैनाती कर दी गई है। 50 सीसीटीवी कैमरों व दो ड्रोन कैमरों की मदद से मंदिर के बाहरी व भीतरी गतिविधियों पर निगाह रखी जाएगी। मंदिर की सुरक्षा व श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए गुरुवार शाम सात बजे से ही फोर्स की तैनाती कर दी जाएगी जाएगी। सभी की तैनाती नाम, पदनाम व ड्यूटी के स्थान के साथ हो रही है। साथ ही पुलिस की आठ क्यूआरटी टीमें गठित की गई है। पीएसी की एक प्लाटून भी मंदिर में तैनात रहेगी। इस बार पिछले वर्षों की अपेक्षा सुरक्षा व्यवस्था में दोगुना फोर्स लगाई गई है।