महेन्द्र श्रीवास्तव ने सूचना अधिकार के तहत मांगी डबल डेकर बसों की जानकारी

बस्ती, 14 फरवरी। उ.प्र. कांग्रेस के सूचना का अधिकार विभाग के प्रदेश महासचिव महेन्द्र श्रीवास्तव ने जिलाधिकारी से जनसूचना अधिकार के तहत 6 विन्दुओं पर जानकारी मांगी है। महेन्द्र श्रीवास्तव ने कहा सभी सूचनायें व्यापक जनहित में हैं और आरटीओ महकमे के भ्रष्टाचार से जुड़ी हैं। कूटरचित नाम व पते पर डबल डेकर बसें धड़ल्ले से सेचालित की जा रही हैं। महकमे के अधिकारी अवैध रूप से संचालित बस मालिकों के खिलाफ कार्यवाही की बजाय उन्हे प्रश्रय दे रहे हैं।

उन्होने कहा बस मालिकों की मोटी कमाई में महकमे के अफसरों का भी हिस्सा है इसलिये आपसी मिलीभगत से अवैध संचालन को बढ़ावा मिल रहा है। महेन्द्र श्रीवास्तव द्वारा मांगी गई सूचना में पंजीकृत डबल डेकर बसों की सूची, कहां से कहां तक संचालित की जा रही हैं, किस श्रेणी का परमिट जारी किया गया है, 2019 से 31 दिसम्बर 2023 तक कितनी डबल डेकर बसों का चालान किया गया है, विभाग द्वारा इन बसों का कितनी बार निरीक्षण किया गया है साथ ही कितनी बसों का फिटनेस वैध है से जुड़ी जानकारियों मांगी गईं हैं। महेन्द्र श्रीवास्तव ने कहा बसों के अवैध संचालन तथा मनमानी से किये जा रहे तमाम कार्यों से अकूत धन अर्जित किया जा रहा है। इससे सरकारी राजस्व की क्षति हो रही है, सड़क दुर्घटनायें हो रही हैं और यात्रा जोखिमपूर्ण हो गई है। उन्होने कहा ठीक से जांच हो जाये तो आय से अधिक सम्पत्ति के मामले में महकमे के आधा दर्जन से ज्यादा लोग जेल में होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *