यूनीक ग्लोबल एकेडमी में धूमधाम से मना बाल दिवस, बाल मेले और फैशन शो में बच्चों ने बिखेरी प्रतिभा की चमक…..
लवकुश सिंह संवाददाता
अनुराग लक्ष्य न्यूज बस्ती
बस्ती। बाल दिवस के अवसर पर पायकपुर स्थित यूनीक ग्लोबल एकेडमी में विविध सांस्कृतिक एवं रचनात्मक कार्यक्रमों का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बच्चों ने अपनी प्रतिभा, रचनात्मकता और उत्साह से सभी का मन मोह लिया। बाल दिवस के साथ ही विद्यालय परिसर में छठ पूजा का भी विधिवत एवं व्यवस्थित आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के निदेशक आलोक श्रीवास्तव ने मां सरस्वती एवं देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस दौरान पंडित जवाहरलाल नेहरू के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए उनके जीवन आदर्शों, बच्चों के प्रति स्नेह और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान को याद किया गया।
इसके बाद निदेशक आलोक श्रीवास्तव ने फीता काटकर बाल मेले एवं फैशन शो का विधिवत शुभारंभ किया। फैशन शो में बच्चों ने विभिन्न पारंपरिक परिधानों में सज-धजकर अपनी आकर्षक प्रस्तुति दी। वहीं बाल मेले में विद्यार्थियों ने विभिन्न प्रकार के खाद्य पदार्थों एवं अन्य आकर्षक वस्तुओं के स्टॉल लगाए। बच्चों द्वारा लगाए गए स्टॉल लोगों के आकर्षण का केंद्र रहे। इस आयोजन के माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ ही रचनात्मकता और सामूहिक सहभागिता का अवसर मिला।
विद्यालय परिसर में आयोजित छठ पूजा कार्यक्रम ने भी आयोजन को विशेष धार्मिक एवं सांस्कृतिक स्वरूप प्रदान किया।
विद्यालय के निदेशक आलोक श्रीवास्तव ने कहा कि छठ महापर्व के माध्यम से हम सभी को भारतीय संस्कृति, परंपरा, प्रकृति और आस्था के प्रति सम्मान की सीख मिलती है। छठी मईया से मेरी कामना है कि आप सभी के जीवन में सुख, समृद्धि, स्वास्थ्य और सफलता बनी रहे। आप सभी शिक्षा के साथ अच्छे संस्कार अपनाकर अपने परिवार, विद्यालय और देश का नाम रोशन करें।”
कार्यक्रम के सफल संचालन में विद्यालय के प्रधानाचार्य इतेंद्र कुमार, कोऑर्डिनेटर नूपुर त्रिपाठी, दिलीप श्रीवास्तव, नागेंद्र मिश्रा, सविता, कोनिका, स्मिता, ईशा, दीपरानी, शिखा, सुष्मिता सहित विद्यालय के अन्य शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं कर्मचारियों का सराहनीय सहयोग रहा।