लिटिल फ्लावर्स स्कूल में धूमधाम से मनाया गया बाल दिवस, फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता में 530 बच्चों ने दिखाई प्रतिभा

लिटिल फ्लावर्स स्कूल में धूमधाम से मनाया गया बाल दिवस, फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता में 530 बच्चों ने दिखाई प्रतिभा

 

खेलकूद, सांस्कृतिक कार्यक्रमों और आकर्षक फूड स्टालों के साथ बाल मेले का हुआ आयोजन, बच्चों ने उठाया भरपूर आनंद

 

लवकुश सिंह संवाददाता

अनुराग लक्ष्य न्यूज बस्ती

 

बस्ती। सुरेंद्र नगर कटरा स्थित लिटिल फ्लावर्स स्कूल में 14 नवंबर को बाल दिवस हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता एवं बाल मेले का आयोजन किया गया। फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता में प्ले-वे से कक्षा पांच तक के 530 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया, जबकि कक्षा छह से 12वीं तक के विद्यार्थियों के लिए भव्य मेले का आयोजन किया गया। पूरे दिन विद्यालय परिसर बच्चों की चहल-पहल और उमंग से गुलजार रहा।

 

कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्रबंधक सुरेंद्र प्रताप सिंह, निदेशक राहुल सिंह एवं प्रधानाचार्या अपर्णा सिंह ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। इस दौरान मां सरस्वती, पंडित जवाहरलाल नेहरू तथा विद्यालय की संस्थापिका स्वर्गीय मधुरानी सिंह के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पार्चन किया गया। इसके पश्चात कक्षा सात एवं आठ की छात्रा नबीहा ने अपने सहयोगियों के साथ सरस्वती वंदना ‘शारदे मां भवानी’ पर शास्त्रीय नृत्य प्रस्तुत कर वातावरण को भक्तिमय बना दिया।

 

फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता में नन्हे-मुन्ने बच्चों ने प्राचीन से आधुनिक और भारतीय से लेकर पाश्चात्य परिधानों में सजकर अपनी प्रतिभा एवं रचनात्मकता का शानदार प्रदर्शन किया। आकर्षक वेशभूषा, आत्मविश्वास और मनमोहक प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों का दिल जीत लिया। प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में पूजा जायसवाल, अभिलाषा एवं रुचि शामिल रहीं। उन्होंने प्रतिभागियों की प्रस्तुतियों का बारीकी से अवलोकन कर निष्पक्ष निर्णय के आधार पर विजेताओं के नाम घोषित किए।

 

इस अवसर पर प्रबंधक सुरेंद्र प्रताप सिंह ने बच्चों के उत्साह, आत्मविश्वास और रचनात्मकता की सराहना करते हुए पंडित जवाहरलाल नेहरू के जीवन पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि विद्यालय में आयोजित ऐसी प्रतियोगिताएं बच्चों की प्रतिभा, कल्पनाशक्ति और आत्मविश्वास को निखारने का बेहतर मंच प्रदान करती हैं। वहीं निदेशक राहुल सिंह ने कहा कि इस प्रकार के आयोजनों से विद्यार्थियों का बहुआयामी व्यक्तित्व विकास होता है। उन्होंने सभी प्रतिभागियों एवं विद्यार्थियों को बाल दिवस की शुभकामनाएं दीं।

 

बाल मेले में शिक्षक-शिक्षिकाओं द्वारा विभिन्न प्रकार के स्वादिष्ट एवं पौष्टिक व्यंजनों के स्टाल लगाए गए, जो बच्चों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहे। हेल्दी स्नैक्स, पारंपरिक व्यंजन और मीठे पकवानों का बच्चों ने खूब आनंद लिया। इसके साथ ही शूटिंग, तीरंदाजी, मोमबत्ती बुझाओ-इनाम पाओ और बैलून बैलेंसिंग जैसी मनोरंजक खेल प्रतियोगिताओं ने मेले की रौनक बढ़ा दी। प्रबंधक, निदेशक एवं प्रधानाचार्या ने सभी स्टालों का निरीक्षण कर शिक्षकों के प्रयासों की सराहना की।

 

कार्यक्रम का समापन प्रधानाचार्या अपर्णा सिंह के आशीर्वचन एवं आभार ज्ञापन के साथ हुआ। उन्होंने सभी विजेताओं, प्रतिभागियों, अभिभावकों, निर्णायक मंडल और सहयोगी सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया।

 

आयोजन को सफल बनाने में तन्मय पाण्डेय, राजमणी वर्मा, निष्ठा पाण्डेय, प्रीती अस्थाना, मधु सिंह, श्रद्धा सिंह, वैभव पाण्डेय, सुभाष मणि तिवारी, संध्या तिवारी, अंशु, सुस्मिता सहित समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं का सराहनीय योगदान रहा।