-केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से मुलाकात कर महिला व पुरुष कबड्डी टीम बनाने की उठाई मांग
-खेल कोटे से भर्ती शुरू होने पर यूपी के ग्रामीण अंचल के खिलाड़ियों को मिलेंगे रोजगार के अवसर
। उत्तर प्रदेश कबड्डी संघ के अध्यक्ष विकास सिंह ने केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से मुलाकात कर रक्षा मंत्रालय के अंतर्गत रक्षा लेखा विभाग (डीएडी) में खेल कोटे के तहत खिलाड़ियों की भर्ती दोबारा शुरू करने का प्रस्ताव दिया गया। साथ ही विभाग में महिला और पुरुष कबड्डी टीम के गठन की मांग भी उठाई गई। मुलाकात के दौरान रक्षा लेखा विभाग में अन्य प्रचलित खेलों के साथ कबड्डी को भी नियमित विभागीय खेल के रूप में शामिल करने का अनुरोध किया गया। प्रस्ताव में कहा गया कि कबड्डी भारत की मिट्टी से जुड़ा पारंपरिक और लोकप्रिय खेल है। देशभर में इसकी व्यापक लोकप्रियता है और ग्रामीण क्षेत्रों में बड़ी संख्या में प्रतिभाशाली खिलाड़ी इस खेल से जुड़े हैं। प्रस्ताव में उत्तर प्रदेश के खिलाड़ियों की उपलब्धियों का भी उल्लेख किया गया। कहा गया कि प्रदेश की जूनियर और सीनियर कबड्डी टीमों के खिलाड़ियों ने बीते कई वर्षों में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन कर अनेक पदक जीते हैं। इससे प्रदेश को खेल जगत में विशिष्ट पहचान मिली है। रक्षा लेखा विभाग में खेल कोटे से भर्ती दोबारा शुरू होने और कबड्डी टीम के गठन से उत्तर प्रदेश सहित देश के ग्रामीण अंचलों की प्रतिभाओं को रोजगार के अवसर मिल सकेंगे। इससे खिलाड़ियों को खेल के साथ अपना और अपने परिवार का भविष्य सुरक्षित करने का अवसर मिलेगा।