लखनऊ । मलिहाबाद में पैक्स सचिव राज कपूर मौर्य की आत्महत्या का मामला सामने आने के बाद आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने पीड़ित परिवार से मुलाकात की। उन्होंने परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए घटना पर दुख जताया और प्रदेश सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। पार्टी की ओर से आरोप लगाया गया है कि राज कपूर को पिछले सात वर्षों से वेतन नहीं मिला था। बकाया वेतन की मांग उठाने पर अधिकारियों द्वारा कथित रूप से उन्हें प्रताड़ित किया जा रहा था। लगातार आर्थिक तंगी और कथित प्रशासनिक उत्पीड़न से परेशान होकर उन्होंने पेड़ से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।परिवार से मुलाकात के बाद संजय सिंह ने कहा कि यह घटना सरकारी तंत्र की संवेदनहीनता को उजागर करती है। उन्होंने आरोप लगाया कि घटना के बाद भी अब तक कोई सरकारी अधिकारी पीड़ित परिवार की सुध लेने नहीं पहुंचा और न ही परिवार को किसी तरह की आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई गई है। उन्होंने सोशल मीडिया मंच एक्स के माध्यम से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को संबोधित करते हुए भी सरकार से इस मामले में तत्काल हस्तक्षेप करने की मांग की।संजय सिंह ने बताया कि राज कपूर अपने पीछे पत्नी, दो छोटे बच्चों शौर्या और अभिराज तथा बुजुर्ग पिता को छोड़ गए हैं। परिवार की आर्थिक स्थिति बेहद कठिन है। उनके मुताबिक, मृतक के पिता ठेला लगाकर किसी तरह परिवार का भरण-पोषण करते हैं। ऐसे में परिवार के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है।आम आदमी पार्टी ने सरकार से मांग की है कि राज कपूर मौर्य का सात वर्षों का पूरा बकाया वेतन तत्काल जारी किया जाए और परिवार को उचित आर्थिक सहायता दी जाए। पार्टी ने परिवार के भरण-पोषण के लिए किसी एक आश्रित को सरकारी नौकरी देने तथा प्रताड़ना के आरोपों की निष्पक्ष जांच कर दोषी अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की भी मांग उठाई है। संजय सिंह ने दिवंगत आत्मा की शांति और शोक संतप्त परिवार को इस कठिन समय में दुख सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना की।