जनगणना-2027: स्वगणना अभियान को लेकर अधिवक्ताओं को किया गया जागरूक, 16 नवंबर से शुरू होगी प्रक्रिया

जनगणना-2027: स्वगणना अभियान को लेकर अधिवक्ताओं को किया गया जागरूक, 16 नवंबर से शुरू होगी प्रक्रिया

 

लवकुश सिंह संवाददाता

अनुराग लक्ष्य न्यूज बस्ती

 

बस्ती। भारत की जनगणना-2027 के तहत आगामी 16 नवंबर से शुरू होने वाले स्वगणना अभियान को सफल बनाने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में अधिवक्ताओं को स्वगणना की प्रक्रिया के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता अपर जिलाधिकारी ज्ञान चन्द्र गुप्ता ने की।

 

कार्यक्रम में बार एसोसिएशन के अध्यक्ष एवं मंत्री सहित उपस्थित अधिवक्ताओं को मोबाइल फोन के माध्यम से स्वयं स्वगणना करने की प्रक्रिया समझाई गई। उन्हें बताया गया कि स्वगणना के जरिए प्रत्येक व्यक्ति अपने परिवार से संबंधित आवश्यक जनगणना विवरण ऑनलाइन स्वयं दर्ज कर सकता है।

 

अपर जिलाधिकारी ज्ञान चन्द्र गुप्ता ने अधिवक्ताओं से अपील करते हुए कहा कि वे सबसे पहले स्वयं स्वगणना प्रक्रिया में भाग लें और अपने परिवार, परिचितों तथा आमजन को भी इसके प्रति जागरूक करें, ताकि अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित हो सके।

 

उन्होंने कहा कि जनगणना एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य है। इसके माध्यम से देश की जनसंख्या एवं अन्य आवश्यक आंकड़े एकत्र किए जाते हैं। इस महत्वपूर्ण अभियान को सफल बनाने के लिए प्रत्येक नागरिक की सहभागिता और सहयोग जरूरी है।

 

कार्यक्रम के दौरान अधिवक्ताओं को स्वगणना की प्रक्रिया सरल एवं सहज तरीके से समझाई गई तथा अभियान को जनभागीदारी के माध्यम से सफल बनाने की अपील की गई। इस अवसर पर बार एसोसिएशन के पदाधिकारी एवं अन्य अधिवक्तागण उपस्थित रहे।