ट्रैक्टर की चपेट में आने से बाइक सवार पत्रकार की मौत
कप्तानगंज, हर्रैया (बस्ती)। कप्तानगंज-बढ़या मार्ग पर भवनापुर के पास खेत की जुताई कर निकल रहे तेज रफ्तार ट्रैक्टर की चपेट में आने से बाइक सवार पत्रकार की मौत हो गई। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए बस्ती भेज दिया।
जानकारी के अनुसार स्थानीय थाना क्षेत्र के 40 वर्षीय अरविंद पांडेय पुत्र स्वर्गीय माधव प्रसाद पांडेय पत्रकार थे। शनिवार को भवनापुर के पास खेत की जुताई कर निकल रहे तेज रफ्तार ट्रैक्टर की चपेट में आकर उनकी मौत हो गई।हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। अरविंद परिवार के कमाऊ सदस्य थे और एक दवा कंपनी में काम करके परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनके परिवार में पत्नी मिथिलेश के अलावा 10 वर्षीय बेटा शिवांश और छह वर्षीय बेटी मान्या है। पिता की अचानक मौत से दोनों मासूम बच्चों के सिर से साया उठ गया। पत्नी मिथिलेश का रो-रोकर बुरा हाल था। पति की मौत से वह बार-बार बेसुध हो जा रही थीं। चार भाइयों प्रद्युम्न पांडेय, संतोष, अरविंद और पवन में अरविंद तीसरे नंबर पर थे। उनके माता-पिता की पहले ही मौत हो चुकी है। अरविंद बेहद मिलनसार स्वभाव के थे। गांव और आसपास के लोगों से उनका आत्मीय व्यवहार था। वह हर किसी से हंसकर मिलते थे और लोगों के सुख-दुख में शामिल रहते थे। उनकी असमय मौत से परिवार के साथ गांव के लोग भी गहरे सदमे में हैं। परिवार की जिम्मेदारी अरविंद के कंधों पर थी। उनके जाने से पत्नी और दो छोटे बच्चों के सामने जीवन की बड़ी चुनौती खड़ी हो गई है। पगार गांव ही नहीं, पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है। हर तरफ मातम पसरा है और परिचितों की आंखें नम हैं। घटना की सूचना पर थानाध्यक्ष कप्तानगंज आलोक श्रीवास्तव और सीओ कलवारी बृजेश सिंह भी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कप्तानगंज पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बस्ती भेज दिया।