भाई दूज पर मनीष मिश्रा के समर्थन में उतरी मातृशक्ति, बंदना सिंह के नेतृत्व में हजारों महिलाओं ने निकाली पदयात्रा
शास्त्री चौक से जीआईसी तक गूंजा समर्थन का संदेश, बच्चों से लेकर बुजुर्ग महिलाओं तक ने लिया हिस्सा
लवकुश सिंह संवाददाता
अनुराग लक्ष्य न्यूज बस्ती
बस्ती। भाई-बहन के अटूट प्रेम और विश्वास के प्रतीक भाई दूज के पावन पर्व पर भाजपा नेता मनीष मिश्रा के समर्थन में हजारों महिलाओं ने पदयात्रा निकालकर अपनी एकजुटता और समर्थन का प्रदर्शन किया। बंदना सिंह के नेतृत्व में निकली इस पदयात्रा में महिलाओं का भारी जनसैलाब उमड़ा। बच्चों से लेकर बुजुर्ग महिलाओं तक ने पूरे उत्साह के साथ भागीदारी की।
पदयात्रा शास्त्री चौक से शुरू होकर कंपनीबाग और गांधीनगर होते हुए जीआईसी पहुंची। पूरे मार्ग में महिलाओं का उत्साह देखने लायक रहा। समर्थकों ने इस आयोजन को मनीष मिश्रा के प्रति विश्वास और भावनात्मक जुड़ाव की अभिव्यक्ति बताया।
पदयात्रा का नेतृत्व कर रहीं बंदना सिंह ने कहा कि भाई दूज के पावन अवसर पर बहनों ने अपने भाई मनीष मिश्रा के समर्थन में यह पदयात्रा निकाली है। उन्होंने कहा कि मनीष मिश्रा ने बिना किसी राजनीतिक पद पर रहते हुए बहुत कम समय में बस्ती के विकास के लिए सराहनीय कार्य किए हैं। उनका कहना था कि मनीष मिश्रा ने जितने कार्य किए हैं, उतना काम सत्ता पक्ष और विपक्ष भी नहीं कर पाया। सोशल मीडिया पर उनके विरोध में लिखने वालों को जवाब देते हुए उन्होंने कहा कि यह तो अभी ट्रेलर है, पूरी पिक्चर अभी बाकी है।
इस अवसर पर डॉ. शालिनी सिंह राजपूत ने कहा कि मनीष मिश्रा के समर्थन में सड़कों पर उतरी महिलाएं घरेलू महिलाएं हैं, जो किसी पेशेवर आयोजन का हिस्सा नहीं, बल्कि दिल से उनके साथ जुड़ी हुई हैं। उन्होंने कहा कि मनीष मिश्रा ने अब तक लोगों के लिए जो कार्य किए हैं, अब महिलाओं की बारी है कि वे भी उनके साथ मजबूती से खड़ी हों। उन्होंने विश्वास जताया कि मनीष मिश्रा को चुनाव में जीत दिलाने के लिए सभी महिलाएं अपनी जिम्मेदारी निभाएंगी।
पदयात्रा में महिलाओं की बड़ी भागीदारी और उनका उत्साह पूरे शहर में चर्चा का विषय बना रहा। भाई दूज के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम के माध्यम से समर्थकों ने सामाजिक एकजुटता, आपसी विश्वास और मनीष मिश्रा के प्रति अपने समर्थन का संदेश देने का प्रयास किया।