छठ पर्व पर अमहट घाट में नहीं होगी हेलीकॉप्टर से पुष्प वर्षा, प्रशासन ने अनुमति की निरस्त  

छठ पर्व पर अमहट घाट में नहीं होगी हेलीकॉप्टर से पुष्प वर्षा, प्रशासन ने अनुमति की निरस्त

 

पहल संस्था के संस्थापक मनीष मिश्रा ने प्रेसवार्ता कर जताई नाराजगी, बोले—रंगा बिल्ला और शिखंडी ने कार्यक्रम में डाला विघ्न, समाजसेवा और जनसहयोग का अभियान रहेगा जारी

 

लवकुश सिंह संवाददाता

अनुराग लक्ष्य न्यूज बस्ती

 

बस्ती। छठ महापर्व के दौरान अमहट घाट पर श्रद्धालुओं पर हेलीकॉप्टर से पुष्प वर्षा करने और हेलीकॉप्टर लैंडिंग की अनुमति को जिला प्रशासन ने तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दिया है। उप जिलाधिकारी सदर, बस्ती की ओर से इस संबंध में निरस्तीकरण आदेश जारी किया गया है।

इससे पहले नई दिल्ली की एयर चार्टर कंपनी एयर चार्टर ओपीसी प्रा. लि. को कुछ शर्तों के साथ श्रीकृष्ण पाण्डेय इंटर कॉलेज ग्राउंड में हेलीकॉप्टर उतारने और अमहट घाट पर पुष्प वर्षा करने की अनुमति दी गई थी। हालांकि, अनुमति मिलने के बाद छठ घाट पर वेदी बनाने वाले श्रद्धालुओं और स्थानीय निवासियों ने इस पर आपत्ति जताई थी।

आपत्तियों के बाद नायब तहसीलदार सदर से मामले की जांच कराई गई। जांच में सामने आया कि अमहट घाट पर पूर्व में कभी हेलीकॉप्टर से पुष्प वर्षा की परंपरा नहीं रही है। इसके अलावा घाट पर ऊंचे पेड़ होने तथा हेलीकॉप्टर के पंखों से निकलने वाली तेज हवा के कारण पूजन सामग्री उड़ने और पूजा में व्यवधान उत्पन्न होने की आशंका जताई गई।

प्रशासन ने छठ पर्व के दौरान घाटों पर व्रती महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों की भारी भीड़ को देखते हुए हेलीकॉप्टर की तेज आवाज और हवा से घबराहट, अफरा-तफरी तथा भगदड़ की आशंका भी व्यक्त की।