आर.सी.सी.पब्लिक स्कूल में बाल दिवस पर सजा फन फेस्ट का रंगारंग मंच, बच्चों की प्रतिभा और रचनात्मकता ने मोहा मन
लवकुश सिंह संवाददाता
अनुराग लक्ष्य न्यूज बस्ती
बस्ती (गनेशपुर)। बाल दिवस के अवसर पर शनिवार को आर.सी.सी. पब्लिक स्कूल में विद्यार्थियों के लिए आकर्षक एवं मनोरंजक फन फेस्ट का आयोजन हर्षोल्लास के साथ किया गया। उत्साह, उमंग और रचनात्मकता से सराबोर इस आयोजन में बच्चों ने अपनी प्रतिभा, हुनर और उद्यमशीलता का शानदार प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को मनोरंजन के साथ-साथ व्यावहारिक ज्ञान, रचनात्मक सोच और आत्मनिर्भरता की भावना से जोड़ना रहा। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में विभिन्न प्रकार के फूड स्टॉल, गेम स्टॉल एवं क्रिएटिव आर्ट स्टॉल लगाए गए। विद्यार्थियों ने जहां स्वादिष्ट व्यंजनों का आनंद लिया, वहीं विभिन्न मनोरंजक खेलों में उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। क्रिएटिव आर्ट स्टॉल पर बच्चों की कलात्मक प्रतिभा और नवाचार ने सभी का ध्यान आकर्षित किया।
फन फेस्ट का विशेष आकर्षण कक्षा 12 की छात्रा दीक्षा पटेल द्वारा स्वयं प्रकाशित पुस्तकों का स्टॉल रहा। उनकी इस उपलब्धि ने कार्यक्रम को विशेष पहचान दी। दीक्षा की पहल से अन्य विद्यार्थियों को भी लेखन, पठन-पाठन और अपनी रचनात्मक प्रतिभा को नई पहचान देने की प्रेरणा मिली। पूरे आयोजन के दौरान विद्यार्थियों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला।
इस अवसर पर विद्यालय के डायरेक्टर शैलेश चौधरी ने सभी विद्यार्थियों को बाल दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि बच्चों की प्रतिभा को सही दिशा और प्रोत्साहन देना ही उनके उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव है। विद्यालय का प्रयास है कि शिक्षा के साथ-साथ विद्यार्थियों को ऐसे अवसर भी उपलब्ध कराए जाएं, जहां वे अपने हुनर को पहचान सकें और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ें।
प्रधानाचार्य श्री नवनीत दीक्षित ने कहा कि इस तरह के आयोजन बच्चों को किताबी ज्ञान के साथ व्यावहारिक अनुभव प्रदान करते हैं। इससे उनमें आत्मविश्वास, रचनात्मकता, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता का विकास होता है। उन्होंने कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सभी विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को बधाई दी।