अयोध्या। रामनगरी अयोध्या में श्रीराम भक्तों की सेवा के उद्देश्य से नमस्कार भारत स्पिरिचुअलिटी फाउंडेशन की ओर से नई सेवा का शुभारंभ किया गया। संस्था ने अयोध्या से 24 घंटे निःशुल्क अन्न सेवा की शुरुआत की है। संस्था का कहना है कि यहां आने वाले श्रद्धालुओं को भोजन नहीं, बल्कि प्रभु श्रीराम का प्रसाद उपलब्ध कराया जाएगा।
कार्यक्रम में अयोध्या वल्लभा कुंज के अधिकारी राजकुमार दास जी महाराज, रंगमहल पीठाधीश्वर रामशरण महाराज सहित अयोध्या के तमाम साधु-संत एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे। संतों ने संस्था की सेवा पहल को आशीर्वाद देते हुए इसे रामनगरी में श्रद्धालुओं की सेवा की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। नमस्कार भारत फाउंडेशन के अध्यक्ष अमित कुमार सिन्हा ने कहा कि यह पूरी सेवा प्रभु श्रीराम की प्रेरणा और अयोध्या के संतों के आशीर्वाद से शुरू की गई है। उन्होंने कहा कि संस्था का उद्देश्य केवल अन्नदान तक सीमित नहीं है, बल्कि रोटी, कपड़ा, मकान, शिक्षा और रोजगार के क्षेत्र में भी सेवा कार्य करना है। उन्होंने बताया कि संस्था की ओर से वैदिक शिक्षा के प्रचार-प्रसार के लिए जल्द ही ‘नमस्कार भारत OTT’ चैनल शुरू किया जाएगा। इस प्लेटफॉर्म के माध्यम से वेदों और भारतीय गुरुकुल परंपरा से जुड़ी शिक्षा को लोगों तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
अमित कुमार सिन्हा ने कहा कि इंटरनेट के दौर में बच्चों और युवाओं को भारतीय संस्कृति एवं वैदिक परंपरा से जोड़ना जरूरी है। इसी उद्देश्य से संस्था गुरुकुल व्यवस्था और वैदिक शिक्षा को आधुनिक माध्यम से लोगों तक पहुंचाने का प्रयास करेगी।
उन्होंने कहा कि अयोध्या से शुरू हुई अन्न सेवा को आगे देश के अन्य प्रमुख तीर्थ क्षेत्रों तक ले जाने की योजना है। संस्था का लक्ष्य है कि श्रद्धालुओं को लगातार सेवा उपलब्ध कराई जाए। कार्यक्रम में शामिल संतों ने कहा कि अयोध्या के संत समाज के आशीर्वाद और प्रभु श्रीराम की प्रेरणा से शुरू हुई यह सेवा निश्चित रूप से श्रद्धालुओं के लिए उपयोगी साबित होगी।