महेन्द्र कुमार उपाध्याय
अयोध्या। रामनगरी अयोध्या में सामाजिक समरसता और सनातन धर्म की वैदिक परंपराओं से महिलाओं को जोड़ने की एक अनूठी और भव्य पहल देखने को मिली। वशिष्ठ फाउंडेशन की ओर से निषादराज चौराहा स्थित अरुंधति होटल में एक विशाल सामूहिक रुद्राभिषेक का आयोजन किया गया। इस ऐतिहासिक अनुष्ठान में वंचित समाज की महिलाओं समेत करीब 1100 महिलाओं ने एक साथ भगवान भोलेनाथ का रुद्राभिषेक किया, जिससे पूरा परिसर ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष से गूंज उठा।
वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हुआ अनुष्ठान भव्य शुरुआत कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 7,30 बजे वैदिक मंत्रोच्चार और दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई।
विधि-विधान पूजन आचार्य शिवेंद्र ने पूरी विधि-विधान के साथ रुद्राभिषेक संपन्न कराया। महिलाओं ने भगवान शिव का जल, दूध और अन्य पूजन सामग्रियों से अभिषेक कर परिवार एवं समाज की सुख-समृद्धि की कामना की।
भजन-कीर्तन और उपहार: इस दौरान बृजमोहन तिवारी की अगुवाई में कलाकारों ने मनमोहक भजनों की प्रस्तुति दी, जिस पर श्रद्धालु भाव-विभोर नजर आए। अनुष्ठान के समापन पर भगवान शिव की आरती हुई, जिसके बाद श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया और फाउंडेशन की ओर से महिलाओं को वस्त्र आदि उपहार स्वरूप प्रदान किए गए।
आयोजकों के विचार
वशिष्ठ फाउंडेशन के पदाधिकारियों ने इस आयोजन के मुख्य उद्देश्यों पर प्रकाश डाला
महंत गिरीशपति त्रिपाठी अध्यक्ष एवं महापौर उन्होंने कहा कि सनातन परंपरा हमेशा समाज को जोड़ने का कार्य करती है। समाज के प्रत्येक वर्ग को धार्मिक और वैदिक परंपराओं से जोड़कर ही सामाजिक समरसता को मजबूत किया जा सकता है।
राजलक्ष्मी त्रिपाठी सचिव उन्होंने बताया कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को सनातन धर्म की मुख्यधारा से जोड़ने के साथ-साथ समाज को एकता के सूत्र में पिरोना है। एक साथ 1100 महिलाओं का रुद्राभिषेक करना आस्था और सामाजिक एकजुटता का एक अद्भुत दृश्य रहा। प्रमुख उपस्थिति इस आयोजन में महानगर क्षेत्र की महिला पार्षद, भाजपा महिला मोर्चा की पदाधिकारी, राष्ट्र सेविका समिति से जुड़ी महिलाओं के अलावा विभिन्न वर्गों की बड़ी संख्या में महिलाएं शामिल हुईं, जिनमें वंचित समाज की महिलाओं की सहभागिता विशेष आकर्षण का केंद्र रही। इसके साथ ही भाजपा मंडल अध्यक्ष हेमंत जायसवाल, रवि तिवारी, श्रीनिवास शास्त्री, पार्षद रमाशंकर निषाद, पूर्व पार्षद मनोज श्रीवास्तव, डॉ. राधा सिंह, आशा गौड़, अनामिका, प्रतिमा शुक्ला सहित तमाम गणमान्य लोग एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।