मंडलायुक्त व डीआईजी ने किया निःशुल्क चिकित्सा शिविर एवं विशाल भंडारे का उद्घाटन

मंडलायुक्त व डीआईजी ने किया निःशुल्क चिकित्सा शिविर एवं विशाल भंडारे का उद्घाटन

 

अनुराग लक्ष्य न्यूज

 

बस्ती। पवित्र श्रावण मास में कांवड़ यात्रियों एवं श्रद्धालुओं की सेवा के लिए मितांश फाउंडेशन ऑफ इंडिया (MFI) तथा पी.डी.आई.डी. इंटर कॉलेज, बेलगड़ी, बस्ती द्वारा निःशुल्क चिकित्सा शिविर एवं विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। शिविर का उद्घाटन मंडलायुक्त बस्ती श्री वैभव श्रीवास्तव तथा पुलिस उप-महानिरीक्षक (DIG) बस्ती श्री संजीव त्यागी ने संयुक्त रूप से किया।

इस अवसर पर मंडलायुक्त एवं डीआईजी ने कांवड़ यात्रियों और श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित कर उनकी सेवा की। उन्होंने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि श्रावण मास में कांवड़ यात्रियों की सेवा करना पुण्य का कार्य है। ऐसे सेवा शिविर श्रद्धालुओं को यात्रा के दौरान आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

निःशुल्क चिकित्सा शिविर में कांवड़ यात्रियों एवं श्रद्धालुओं के स्वास्थ्य की जांच की गई तथा आवश्यकतानुसार चिकित्सकीय परामर्श एवं दवाएं उपलब्ध कराई गईं। वहीं विशाल भंडारे में बड़ी संख्या में पहुंचे श्रद्धालुओं एवं कांवड़ यात्रियों ने प्रसाद ग्रहण किया।

आयोजकों ने बताया कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा और सेवा के उद्देश्य से शिविर एवं भंडारे का आयोजन किया गया है। इस दौरान सेवा में जुटे स्वयंसेवकों ने श्रद्धालुओं को भोजन, प्रसाद एवं चिकित्सा संबंधी सुविधाएं उपलब्ध कराने में सहयोग किया।

मंडलायुक्त एवं डीआईजी ने शिविर का निरीक्षण करते हुए व्यवस्थाओं की जानकारी ली और आयोजन से जुड़े लोगों का उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला और पूरा वातावरण “हर हर महादेव” तथा “बोल बम” के जयघोष से गूंज उठा।