डीएम-एसपी, ने कांवड़ियों का बढ़ाया उत्साह, मंदिर परिसर में व्यवस्थाओं का लिया जायजा
बस्ती। सोमवार देर रात करीब 12 बजे जिलाधिकारी श्रीमती कृत्तिका ज्योत्स्ना और पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह भदेश्वरनाथ मंदिर पहुंचे। अधिकारियों ने मंदिर पहुंचकर कांवड़ियों का पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। इस दौरान मंदिर परिसर हर-हर महादेव और बोल बम के जयघोष से गूंज उठा।
रातभर बाबा भदेश्वरनाथ के दर्शन के लिए पहुंच रहे कांवड़ियों पर अधिकारियों ने पुष्पवर्षा कर उनका उत्साहवर्धन किया। अचानक प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों को अपने बीच पाकर कांवड़ियों में भी उत्साह देखने को मिला।
डीएम और एसपी ने मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुविधा के लिए की गई व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने कांवड़ियों के सुगम आवागमन, भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर मौके पर मौजूद अधिकारियों व पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। वहीं पुलिस अधीक्षक ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर तैनात पुलिसकर्मियों को सतर्कता के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए। देर रात तक अधिकारियों की मौजूदगी और कांवड़ियों पर हुई पुष्पवर्षा ने भक्ति और उत्साह से भरे माहौल को और भी खास बना दिया।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी सार्थक अग्रवाल, मुख्य राजस्व अधिकारी कीर्ति प्रकाश भारती,उप जिलाधिकारी राजेश यादव,सहित ड्यूटी में लगे अधिकारीगण उपस्थित रहे।