मॉर्फ्ड वीडियो मामले में महिला आयोग सख्त, एसपी ने जांच शुरू कर पीड़िता के बयान दर्ज किए
बस्ती। जिले में एक महिला का मॉर्फ्ड वीडियो वायरल होने के मामले में राज्य महिला आयोग ने सख्त रुख अपनाया है। आयोग के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक ने जांच शुरू कर दी है और पीड़ित महिला का बयान दर्ज किया गया है।
यह मामला कोतवाली थाना क्षेत्र के बभनगांवा मोहल्ले का है। यहां की निवासी एक महिला ने लगभग एक माह पूर्व राज्य महिला आयोग को शिकायती पत्र दिया था। महिला ने आरोप लगाया था कि कोतवाली थाना क्षेत्र के लौकिहवां निवासी एक युवक ने उनका मॉर्फ्ड वीडियो बनाकर वायरल किया है।
शिकायत के अनुसार, आरोपी युवक ने वीडियो में महिला के भतीजे को केले के पेड़ का चोर बताते हुए झूठा वीडियो वायरल किया, भतीजे के साथ उन्हें भी खड़ा दिखाया, जिससे उनकी और उनके परिवार की छवि खराब हुई है और परिवार को काफी बदनामी झेलनी पड़ी है।
राज्य महिला आयोग ने इस शिकायत को गंभीरता से लेते हुए बस्ती के पुलिस अधीक्षक से सात दिन के भीतर पूरे प्रकरण की जांच आख्या तलब की थी। आयोग ने मामले में त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए थे।
आयोग के निर्देश के बाद पुलिस ने पीड़ित महिला का बयान दर्ज किया है। महिला ने पुलिस को इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य भी उपलब्ध कराए हैं। उन्होंने मांग की है कि आरोपी युवक के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की जाए।
गौरतलब है कि जिले में इन दिनों मॉर्फ्ड वीडियो के जरिए लोगों को ब्लैकमेल करने और उनकी छवि खराब करने वाले गिरोह सक्रिय हैं। कई लोग ऐसे गिरोहों का शिकार हुए हैं, लेकिन इस मामले में महिला ने खुलकर आवाज उठाई है।