मिशन शक्ति अभियान 6.0 के तहत महिलाओं और बालिकाओं को किया जागरूक, हेल्पलाइन नंबरों की दी जानकारी

मिशन शक्ति अभियान 6.0 के तहत महिलाओं और बालिकाओं को किया जागरूक, हेल्पलाइन नंबरों की दी जानकारी

 

बस्ती। महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को लेकर जनपद में मिशन शक्ति अभियान 6.0 के तहत जागरूकता अभियान चलाया गया। मंगलवार, 10 नवंबर को विभिन्न थानों की मिशन शक्ति टीमों ने अपने-अपने थाना क्षेत्रों में भ्रमण कर महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा एवं बचाव के प्रति जागरूक किया।

 

इस क्रम में महिला थाना की टीम ने कोतवाली क्षेत्र के कंपनी बाग, गांधी नगर, मालवीय तिराहा और कटेश्वर पार्क में जागरूकता अभियान चलाया। वहीं थाना रुधौली पुलिस ने ग्राम डड़वा तिवारी में भ्रमण एवं चेकिंग के साथ चौपाल लगाकर महिलाओं और बालिकाओं को मिशन शक्ति के उद्देश्यों नारी सुरक्षा, नारी सम्मान और नारी स्वावलंबन के बारे में विस्तार से जानकारी दी।

 

पुलिस टीम ने महिलाओं को शासन-प्रशासन द्वारा जारी हेल्पलाइन नंबरों 1090, 181, 112, 1076, 1098, 108 और 102 की जानकारी देते हुए बताया कि किसी भी संकट या परेशानी की स्थिति में इन नंबरों का उपयोग कर तत्काल सहायता प्राप्त की जा सकती है। इस दौरान जागरूकता पंपलेट भी वितरित किए गए।

 

इसके साथ ही महिलाओं एवं बालिकाओं को विभिन्न प्रकार के साइबर अपराधों, ऑनलाइन ठगी और उनसे बचाव के उपायों के बारे में बताया गया। साइबर अपराध का शिकार होने पर तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराने की अपील की गई।

 

पुलिस टीम ने महिलाओं से किसी भी प्रकार के अपराध या उत्पीड़न के विरुद्ध आवाज उठाने तथा अपने आसपास की अन्य महिलाओं और बालिकाओं को भी जागरूक करने का आह्वान किया।