पीएम श्री विद्यालय देवमी में 2 हजार दीपों से जगमगाया परिसर, प्रतियोगिताओं के साथ मनाया गया दीपोत्सव

पीएम श्री विद्यालय देवमी में 2 हजार दीपों से जगमगाया परिसर, प्रतियोगिताओं के साथ मनाया गया दीपोत्सव

 

36 वर्षों से लगातार दीपावली कार्यक्रम आयोजित कर रहे हैं प्रधानाध्यापक मोहम्मद इकबाल

 

घुमंतू एवं जरूरतमंद परिवारों के बच्चों को बांटी गई मिठाई और आतिशबाजी

 

बस्ती। बनकटी विकासखंड के पीएम श्री कम्पोजिट उच्च प्राथमिक विद्यालय देवमी में 8 नवंबर को दीपोत्सव कार्यक्रम धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। विद्यालय के प्रधानाध्यापक एवं राज्य अध्यापक पुरस्कार प्राप्त शिक्षक मोहम्मद इकबाल द्वारा लगातार 36 वर्षों से प्रतिवर्ष दीपावली कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। इस वर्ष भी विद्यालय परिसर को छात्र-छात्राओं ने करीब दो हजार दीपों से सजाकर रोशनी से जगमगा दिया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व प्रधान संघ अध्यक्ष एवं ग्राम प्रधान राजेंद्र प्रसाद चौधरी तथा विशिष्ट अतिथि समाजसेवी, पूर्व सभासद एवं चन्द्रगुप्त मौर्य पीजी कॉलेज मथैली के प्रबंधक डॉ. अनिल कुमार मौर्य रहे। प्रबंध समिति की अध्यक्ष रंजना देवी की उपस्थिति में रंगोली सजाओ, पोस्टर बनाओ, मटका सजाओ, दीप सजाओ एवं सेल्फी स्टैंड निर्माण प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। अतिथियों ने बच्चों की कलात्मक प्रतिभा और आकर्षक रंगोलियों का अवलोकन कर उनका उत्साहवर्धन किया।

रंगोली प्रतियोगिता में निधि, खुशी, खुशबू, दीपिका, अर्पिता और नंदनी की टीम ने प्रथम, रोशनी, जासिका, जूली, इकरा, अंजली, सना और किरन की टीम ने द्वितीय तथा हंसी, रचना, नेहा, सोनाक्षी, सुशीला और किरन की टीम ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। मटका एवं दीप सजाओ प्रतियोगिता में मुबसरा, कुलसुम, सबीहा, शालिनी और खुशबू की टीम प्रथम, खुशबू, निधि, अर्पिता और वंदना की टीम द्वितीय तथा अंजली, नंदनी, रागिनी और पूजा की टीम तृतीय स्थान पर रही। सेल्फी स्टैंड निर्माण में अभय कुमार और उमेश की टीम ने प्रथम स्थान हासिल किया।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि राजेंद्र प्रसाद चौधरी ने कहा कि इस तरह के रचनात्मक आयोजनों से बच्चों की प्रतिभा निखरती है और उनका सर्वांगीण विकास होता है। प्रधानाध्यापक मोहम्मद इकबाल ने बताया कि दीपावली प्रकाश, स्वच्छता और बुराई पर अच्छाई की जीत का पर्व है। भगवान श्रीराम के 14 वर्ष के वनवास के बाद अयोध्या लौटने की खुशी में नगरवासियों ने दीप जलाकर उनका स्वागत किया था। यह पर्व हमें अंधकार से प्रकाश की ओर बढ़ने की प्रेरणा देता है।

कार्यक्रम का विशेष आकर्षण सामाजिक समरसता और जरूरतमंद परिवारों की खुशियों में सहभागिता रहा। प्रधानाध्यापक मोहम्मद इकबाल एवं अतिथियों ने घुमंतू जाति तथा कमजोर और वंचित परिवारों के बच्चों एवं उनके अभिभावकों को मिठाई, पटाखे, मोमबत्ती, दीये, लाई-गट्टा और अन्य सामग्री वितरित की। विद्यालय में कार्यरत रसोइयों मीरा, रंजना, अमरावती और मालती को भी मिठाई एवं वस्त्र देकर सम्मानित किया गया। बच्चों को फुलझड़ी और अनार वितरित किए गए।

बच्चों को पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए ग्रीन दीपावली मनाने और कम से कम पटाखे जलाने की शपथ दिलाई गई। पत्तियों से दीपक बनाने सहित विभिन्न कलात्मक गतिविधियों के माध्यम से बच्चों ने प्रदूषण मुक्त और पर्यावरण के अनुकूल दीपावली मनाने का संदेश दिया। विद्यालय में ‘एक दीया बालिका शिक्षा के नाम’, ‘एक दीया समग्र भारत विकास के नाम’, ‘एक दीया शहीदों के नाम’ और ‘एक दीया निपुण भारत के नाम’ भी जलाया गया। छात्र-छात्राओं द्वारा लक्ष्मी-गणेश की पूजा-अर्चना की गई।

अर्पिता, खुशबू, अभय कुमार प्रजापति और अनुपम ने मां लक्ष्मी की मूर्ति तैयार कर उसे रंगों से सजाया। इनकी रचनात्मक प्रतिभा के लिए अर्पिता और खुशबू को मुख्य अतिथि राजेंद्र प्रसाद चौधरी एवं डॉ. अनिल कुमार मौर्य ने पुरस्कृत किया। सभी प्रतियोगिताओं में शामिल बच्चों को भी मिठाई एवं पुरस्कार देकर प्रोत्साहित किया गया।

इस दौरान प्रधानाध्यापक मोहम्मद इकबाल ने रंगोली के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि रंगोली भारतीय संस्कृति की सुंदर कलात्मक अभिव्यक्ति है। इसे अल्पना भी कहा जाता है। रंगोली घर-आंगन की सुंदरता बढ़ाने के साथ शुभता और सकारात्मक ऊर्जा का प्रतीक है।

कार्यक्रम में ग्राम प्रधान राजेंद्र प्रसाद चौधरी, डॉ. अनिल कुमार मौर्य, प्रबंध समिति अध्यक्ष रंजना देवी, मोहम्मद आरिफ, जयप्रकाश प्रजापति, आनंद, सौरभ, विद्यालय के शिक्षक-कर्मचारी, प्रबंध समिति के सदस्य एवं अभिभावक मौजूद रहे। अंत में प्रधानाध्यापक मोहम्मद इकबाल ने बच्चों को आशीर्वाद देते हुए दीपावली के महत्व और परंपराओं की जानकारी दी।