फार्म-6 की एक से अधिक प्रविष्टियों को रोकने के संदर्भ में मानक संचालन प्रक्रिया के तहत आयोग द्वारा जन सुविधा केन्द्रों के संचालकों हेतु जारी किये दिशा निर्देश

फार्म-6 की एक से अधिक प्रविष्टियों को रोकने के संदर्भ में मानक संचालन प्रक्रिया के तहत आयोग द्वारा जन सुविधा केन्द्रों के संचालकों हेतु जारी किये दिशा निर्देश

बहराइच 10 नवम्बर। भारत निर्वाचन आयोग द्वारा विधान सभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावली में नाम सम्मिलित किए जाने हेतु पात्र नागरिकों द्वारा ऑफलाइन के अतिरिक्त ऑनलाइन माध्यमों से भी आवेदन किया जाता है। ऐसा संज्ञान में आया है कि आवेदकों द्वारा ऑनलाइन माध्यम से स्वयं अथवा जन सुविधा केन्द्रों के माध्यम से फार्म-6 जमा करने पर मोबाइल नम्बर पर रेफरेन्स नम्बर की सूचना प्राप्त न होने की दशा में एक से अधिक बार आवेदन कर दिया जाता है, जिसके कारण एक से अधिक प्रविष्टियों की समस्या उत्पन्न हो रही है।

यह जानकारी देते हुए उप जिला निर्वाचन अधिकारी अरूण कुमार ने बताया कि पात्र नागरिकों द्वारा स्वयं अथवा जन सुविधा केन्द्र के माध्यम से भरे जाने वाले फार्म-6 की एक से अधिक प्रविष्टियों को रोकने के संदर्भ में मानक संचालन प्रक्रिया के तहत आयोग द्वारा जन सुविधा केन्द्रों के संचालकों हेतु दिशा निर्देश जारी किये गये हैं। फार्म-6 भरते समय फार्म पर आवेदक अथवा उसके संबंधी का मोबाइल नम्बर अंकित किया जा सकता है। फार्म में दिया गया मोबाइल नम्बर इलेक्टर डाटा में ईपिक आई.डी. के साथ लिंक हो जाता है। फार्म-6 का फाईनल सबमिशन ई-साइन के बाद होता है एवं ई-साइन होने के पश्चात ही फार्म का रेफरेंस नम्बर जनरेट होता है। ई-साइन हेतु आवेदक द्वारा अपना आधार नम्बर देने के पश्चात आधार लिंक मोबाइल नम्बर पर ओटीपी प्राप्त होता है। ओटीपी डालने पर ई-साइन सफलतापूर्वक कम्पलीट हो जाता है।

फार्म को ई-साइन द्वारा सबमिट करने पर फार्म सफलतापूर्वक जमा होने संबंधी मैसेज “Your application has been received for inclusion of name in electoral roll for first time voter- Use S2XXXXO6N2909261200020 for future reference, ECI ” प्रदर्शित होता है, जिससे फार्म जमा होने की पुष्टि हो जाती है। आवेदक द्वारा फार्म-6 में भरा जाने वाला मोबाइल नम्बर एवं आधार लिंक मोबाइल नम्बर अलग-अलग हो सकता है। फार्म 6 सबमिट होने पर रेफरेंस नम्बर उसी मोबाइल नम्बर पर प्राप्त होता है जो फार्म-6 में अकित किया गया है। भविष्य में इस रेफरेंस नम्बर की सहायता से आवेदन द्वारा ट्रैक भी किया जा सकता है।

जन सुविधा केन्द्र के संचालकों को निर्देशित किया गया है कि फार्म भरते समय सम्बन्धित आवेदक का वास्तविक, सक्रिय मोबाइल नम्बर ही फार्म में अंकित किया जाए, जिससे कि सम्बन्धित आवेदक के मोबाइल नम्बर पर फाम सबमिट होने संबंधी सूचना प्राप्त हो जाए। जन सुविधा केन्द्र के संचालक द्वारा अपना स्वयं का मोबाइल नम्बर अथवा कोई काल्पनिक या गलत मोबाइल नम्बर आवेदक के मोबाइल नम्बर के स्थान पर कदापि अंकित नहीं किया जाना चाहिए।

कभी-कभी नेटवर्क की समस्या होने के कारण फार्म-6 में भरे गये मोबाइल नम्बर पर रेफरेंस नम्बर की सूचना प्राप्त नहीं होती है। फार्म ई-साइन होने के पश्चात् फार्म का रेफरेन्स नम्बर स्क्रीन पर भी प्रदर्शित होता है। ऐसे में आवेदक के मोबाइल नम्बर पर सूचना प्राप्त न होने की स्थिति में स्क्रीन पर प्रदर्शित रेफरेन्स नम्बर का स्क्रीन शॉट लिया जाए अथवा रेफरेन्स नम्बर नोट कर आवेदक से साझा किया जाए, जिससे कि सम्बन्धित आवेदक के समान फार्म भरे जाने की पुनरावृत्ति न हो और आवेदक द्वारा अपने आवेदन की स्थिति भी ज्ञात की जा सके।

मतदाता फोटो पहचान पत्र (ईपिक) डाक विभाग द्वारा स्पीड पोस्ट के माध्यम से मतदाताओं को भेजा जाता है। फार्म में निवास का पता अपूर्ण अथवा गलत पिन कोड भरे जाने की स्थिति में डाक विभाग द्वारा इस प्रकार के मतदाता पहचान पत्र वापस कर दिये जाते हैं, इसलिए फार्म 6 भरते समय आवेदक द्वारा निवास का पूरा पता सही पिन कोड के साथ दिया जाना आवश्यक है, जिससे मतदाता को मतदाता पहचान पत्र सही पते पर ससमय प्राप्त हो सके। फार्म 6 भरते समय आवेदक का वास्तविक और सक्रिय मोबाइल नम्बर भरे जाने के कई लाभ भी होते हैं।

सक्रिय मोबाइल नम्बर भरे जाने पर आवेदन सफलतापूर्वक जमा होने की पुष्टि संबंधी सूचना रेफरेंस नम्बर सहित आवेदक के रजिस्टर्ड मोबाइल नम्बर पर प्राप्त होती है। रेफरेंस नम्बर की सहायता से भविष्य में आवेदन की स्थिति को ट्रैक किया जा सकता है। यदि आवेदन में पता, फोटो, आयु प्रमाणपत्र अथवा अन्य जानकारी के संबंध में अतिरिक्त दस्तावेजों की आवश्यकता होती है तो आवेदक द्वारा दिये गये मोबाइल नम्बर पर समय से सूचित किया जा सकता है। मतदाता द्वारा रजिस्टर्ड मोबाइल नम्बर की सहायता से अपना ई-ईपिक कभी भी और कहीं भी डाउनलोड किया जा सकता है।

मतदाता पहचान पत्र संख्या याद न होने की दशा में रजिस्टर्ड मोबाइल नम्बर द्वारा नागरिक सेवा पोर्टल वोटर्स डाट ईसीआई डाट जीओवी डाट इन अथवा ईसीआईएनईटी मोबाइल ऐप के माध्यम से मतदाता सूची में अपना व्यक्तिगत विवरण के साथ ही अपने विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र, मतदेय स्थल तथा बीएलओ इत्यादि की जानकारी भी प्राप्त की जा सकती है। इस सम्बन्ध में समस्त बीएलओ, सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी को भी इस तथ्य का विशेष ध्यान रखने की हिदायत दी गई है कि किसी भी आवेदक के फार्म-6 की एक से अधिक प्रविष्टि न होने पाए।

:ःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःः