चाकू के हमले से घायल पूर्व प्रधान ने दम तोड़ा

रिपोर्टर अनुराग उपाध्याय

लालगंज। बरामदे में सोते समय चाकू के हमले से घायल पूर्व प्रधान की एक महीने बाद इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना से परिजनों में कोहराम मचा है। पूर्व प्रधान पर जानलेवा हमले के एक आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। लालगंज कोतवाली क्षेत्र के वीरसिंहपुर निवासी पूर्व प्रधान 58 वर्षीय रामजस सरोज नौ सितंबर की रात घर के बरामदे में सो रहे थे। आरोप है कि रात में चैनल खींचकर आरोपी घुसा और गले पर कई बार चाकू से हमला कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल पूर्व प्रधान को एसआरएन अस्पताल प्रयागराज में भर्ती कराया गया था। प्रयागराज में एक महीने तक चले इलाज के बाद शनिवार शाम करीब चार बजे उन्होंने दम तोड़ दिया। घटना से परिजनों में रोना पीटना मच गया। मामले में पूर्व प्रधान की बहू बविता पत्नी कर्मवीर ने गांव के ही राजेन्द्र कुमार व एक अज्ञात के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी थी। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी राजेन्द्र कुमार को जेल भेज दिया था। लालगंज प्रभारी निरीक्षक प्रदीप कुमार का कहना है कि पूर्व प्रधान पर जानलेवा हमले में एक नामजद व एक अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। नामजद आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया था। गिरफ्तार आरोपी ने अकेले ही हमला करने की बात बताई थी।