जितेन्द्र पाठक
संतकबीरनगर लखनऊ। मेहदावल विधानसभा क्षेत्र के विधायक अनिल त्रिपाठी ने उत्तर प्रदेश सरकार के नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा से मुलाकात कर क्षेत्र के विकास कार्यों को लेकर चर्चा की। इस दौरान उन्होंने विद्युत आपूर्ति, जलनिकासी, सड़कों के सौंदर्यीकरण और नगर पंचायतों के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए एक मांग पत्र सौंपा।
विधायक ने विशेष रूप से विद्युत उपकेंद्रों की स्थापना, विद्युतीकरण, क्षमता वृद्धि और निर्बाध बिजली आपूर्ति की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में बेहतर विद्युत व्यवस्था से नागरिकों को राहत मिलेगी और विकास कार्यों को गति मिलेगी।
मुलाकात के दौरान जलनिकासी की समस्या और सड़कों के सौंदर्यीकरण को लेकर भी चर्चा हुई। विधायक ने आग्रह किया कि नगर पंचायतों में आवश्यक सुविधाओं को प्राथमिकता दी जाए, जिससे स्थानीय निवासियों को बेहतर आधारभूत सुविधाएं मिल सकें।
मंत्री ए.के. शर्मा ने इन मांगों को गंभीरता से लेते हुए समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाने का आश्वासन दिया। स्थानीय जनता को उम्मीद है कि इस पहल से जल्द ही क्षेत्र में बिजली व्यवस्था और अन्य विकास कार्यों में सकारात्मक परिवर्तन देखने को मिलेगा।