सूर्या स्कूल का वार्षिक परीक्षा परिणाम घोषित, रैंकर्स पर बजी पुरस्कारों की बौछार

टॉपर्स को मिली साइकिलें, घड़ियां और मेडल्स, पुरस्कार पाकर अभिभावकों और छात्रों के खिले चेहरे

जितेन्द्र पाठक

संत कबीर नगर: जिले के प्रतिष्ठित सूर्या सीनियर सेकेंडरी स्कूल खलीलाबाद में वार्षिक परीक्षा परिणाम की घोषणा के साथ ही छात्र-छात्राओं की मेहनत और सफलता का जश्न मनाया गया। स्कूल प्रबंधन ने प्रतिस्पर्धा की भावना को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से रैंकर्स छात्रों को साइकिलें, दीवार घड़ियां और मेडल्स देकर सम्मानित किया। पुरस्कार पाकर छात्रों और उनके अभिभावकों के चेहरे खुशी से खिल उठे।

प्रतिभाओं को संवारने का प्रयास – डॉ. उदय प्रताप चतुर्वेदी

कार्यक्रम में उपस्थित सूर्या ग्रुप के चेयरमैन डॉ. उदय प्रताप चतुर्वेदी ने छात्रों को बधाई देते हुए कहा कि प्रतिभा को निखारने के लिए स्वस्थ प्रतिस्पर्धा आवश्यक है। उन्होंने अभिभावकों के भरोसे को कायम रखने और छात्रों के उज्ज्वल भविष्य के लिए संस्थान की पूर्ण प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने सभी छात्रों को अपने लक्ष्य निर्धारित कर पूरी निष्ठा के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।

रैंकर्स से प्रेरणा लें अन्य छात्र – सविता चतुर्वेदी

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए एक्जीक्यूटिव डायरेक्टर सविता चतुर्वेदी ने कहा कि संस्थान का उद्देश्य बच्चों को शिक्षा और संस्कार के उच्चतम मापदंडों पर स्थापित करना है। उन्होंने छात्रों को अपने क्लासमेट रैंकर्स से प्रेरणा लेकर आगे बढ़ने की सलाह दी और आश्वासन दिया कि संस्थान अधिक से अधिक छात्रों को पुरस्कृत करना चाहता है।

टीचर्स का सहयोग करें अभिभावक – रविनेश श्रीवास्तव

प्रधानाचार्य रविनेश श्रीवास्तव ने सभी रैंकर्स को बधाई देते हुए छात्रों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि टीचर्स का सहयोग करें, ताकि बच्चों की प्रतिभा को और अधिक निखारा जा सके।

सम्मान समारोह एवं प्रवेश परीक्षा का आयोजन

कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती और संस्थापक स्व. पं. सूर्य नारायण चतुर्वेदी की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष बलिराम यादव, एसआर के एमडी राकेश चतुर्वेदी, एसआर की एक्जीक्यूटिव डायरेक्टर शिखा चतुर्वेदी, उप प्रधानाचार्य शरद त्रिपाठी, नितेश द्विवेदी, आशुतोष पांडेय, चिंतामणि, आरती चौधरी, अर्चना सिंह सहित तमाम टीचर्स और अभिभावक मौजूद रहे।

कार्यक्रम के दौरान नए शैक्षणिक सत्र के लिए प्रथम चरण की प्रवेश परीक्षा भी आयोजित की गई, जिसमें छात्रों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सूर्या स्कूल के इस भव्य आयोजन ने छात्रों के मनोबल को बढ़ाया और शिक्षा में उत्कृष्टता की ओर प्रेरित किया।