लापरवाही पर एसपी संदीप कुमार मीना का बड़ा एक्शन, बखिरा थाने के तीन पुलिसकर्मी निलंबित
महिला अपराधों में शिथिलता, बीट व्यवस्था और जनसुनवाई में लापरवाही पर कार्रवाई; थानाध्यक्ष
उमाशंकर तिवारी समेत सुरेश यादव व कोमल प्रसाद पर गिरी गाज
जितेन्द्र पाठक
संतकबीरनगर। पदकीय दायित्वों और कर्तव्यों के निर्वहन में लापरवाही, स्वेच्छाचारिता एवं अकर्मण्यता बरतने पर पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने थाना बखिरा के तीन पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। कार्रवाई की जद में थानाध्यक्ष उपनिरीक्षक उमाशंकर तिवारी, उपनिरीक्षक सुरेश यादव और मुख्य आरक्षी कोमल प्रसाद आए हैं।
निलंबन आदेश के अनुसार थानाध्यक्ष उमाशंकर तिवारी पर महिला संबंधी अपराधों में तत्परता एवं संवेदनशीलता के साथ त्वरित विधिक कार्रवाई नहीं करने, उच्चाधिकारियों द्वारा चलाए जा रहे विभिन्न अभियानों एवं निर्देशों के अनुपालन में अपेक्षित रुचि नहीं लेने के आरोप हैं। इसके अलावा हिस्ट्रीशीटर सत्यापन, 60 एवं 90 दिवस की विवेचनाओं के निस्तारण, अपराध नियंत्रण के लिए प्रभावी निरोधात्मक कार्रवाई, गुमशुदा व्यक्तियों की तलाश, यक्ष एप पर आपराधिक सत्यापन, साइबर अपराध की रोकथाम के लिए जागरूकता कार्यक्रम तथा मिशन शक्ति केंद्र के तहत आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में अपेक्षित रुचि नहीं लेने का उल्लेख किया गया है।
वहीं उपनिरीक्षक सुरेश यादव और मुख्य आरक्षी कोमल प्रसाद पर जनसुनवाई, महिला संबंधी अपराध, निरोधात्मक कार्रवाई, बीट प्रणाली तथा उच्चाधिकारियों द्वारा चलाए जा रहे अभियानों में अपेक्षित रुचि नहीं लेने, जनता से अमर्यादित व्यवहार करने तथा अपने पदीय कर्तव्य के प्रति घोर लापरवाही, उदासीनता एवं स्वेच्छाचारिता बरतने के आरोप लगाए गए हैं।
निलंबन आदेश में यह भी कहा गया है कि क्षेत्र में घटित होने वाली छोटी-बड़ी घटनाओं, विवादों अथवा कानून-व्यवस्था को प्रभावित करने वाली सूचनाओं को समय से उच्चाधिकारियों एवं संबंधित थाने तक उपलब्ध कराने में भी लापरवाही बरती गई।
तीनों पुलिसकर्मियों को उत्तर प्रदेश अधीनस्थ श्रेणी के पुलिस अधिकारियों की (दंड एवं अपील) नियमावली, 1991 के नियम-17(1)(क) के तहत तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है। निलंबन अवधि में तीनों पुलिसकर्मी पुलिस लाइन, संतकबीरनगर से संबद्ध रहेंगे तथा सक्षम अधिकारी की पूर्व अनुमति के बिना मुख्यालय नहीं छोड़ सकेंगे।
लापरवाही पर होगी कठोर कार्रवाई
पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने स्पष्ट किया है कि अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था के मामले में किसी भी स्तर पर लापरवाही अथवा शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। प्रत्येक पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी को अपने क्षेत्र में अपराधियों की निगरानी, बीट व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने तथा संवेदनशील घटनाओं की रोकथाम के लिए पूरी जिम्मेदारी और सतर्कता से कार्य करना होगा। कर्तव्य निर्वहन में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित पुलिसकर्मी के विरुद्ध कठोर विभागीय कार्रवाई की जाएगी।