सीसीटीएनएस प्रशिक्षण से तेज होगी पुलिसिंग, विवेचनाओं के निस्तारण को मिलेगी रफ्तार
सात दिवसीय प्रशिक्षण पूरा, संदीप कुमार मीना ने दक्ष आरक्षियों को प्रशस्ति पत्र देकर किया सम्मानित
डिजिटल पुलिसिंग पर जोर, FIR से केस डायरी तक रिकॉर्ड फीडिंग में पुलिसकर्मियों को किया गया दक्ष
जितेन्द्र पाठक
संतकबीरनगर। जनपद में पुलिसिंग व्यवस्था को और अधिक तकनीकी, पारदर्शी एवं प्रभावी बनाने की दिशा में सीसीटीएनएस योजना के तहत आयोजित सात दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम सोमवार को संपन्न हो गया। प्रशिक्षण पूरा करने वाले आरक्षियों को पुलिस कार्यालय में पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
पुलिस अधीक्षक ने प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले पुलिसकर्मियों का उत्साहवर्धन करते हुए सीसीटीएनएस के प्रभावी उपयोग पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि तकनीक के बेहतर इस्तेमाल से विवेचनाओं का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के साथ पुलिस अभिलेखों के डिजिटलीकरण और पुलिस कार्यप्रणाली में पारदर्शिता को और मजबूत किया जा सकता है।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में 08 सितंबर से 14 सितंबर 2026 तक आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम में जनपद के सभी थानों से दो-दो आरक्षियों को सीसीटीएनएस के विभिन्न मॉड्यूल एवं सेवाओं का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण के दौरान IIF Forms, GD, FIR, CD, CS, FR एवं Database Services से संबंधित आवश्यक प्रविष्टियों एवं फीडिंग की प्रक्रिया को विस्तार से समझाया गया।
प्रशिक्षण के दौरान डीसी अहमद रजा ने पुलिसकर्मियों को सीसीटीएनएस पोर्टल पर विभिन्न अभिलेखों एवं विवेचना से संबंधित सूचनाओं की सटीक, समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण फीडिंग की जानकारी दी। साथ ही सीसीटीएनएस के माध्यम से पुलिस कार्यों को अधिक व्यवस्थित एवं प्रभावी बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
प्रशिक्षण पूर्ण करने वाले आरक्षियों को पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। विभाग का मानना है कि सीसीटीएनएस में दक्षता बढ़ने से थानों पर डिजिटल अभिलेखों के रखरखाव, विवेचना संबंधी कार्यों और मामलों के त्वरित निस्तारण में और अधिक गति आएगी।