17 सितंबर से शुरू होगा ‘सेवा संकल्प अभियान’, एक माह तक चलेंगे जनसेवा के कार्यक्रम
लवकुश सिंह संवाददाता अनुराग लक्ष्य न्यूज बस्ती
बस्ती। भारतीय जनता पार्टी जिला बस्ती कार्यालय पर मंगलवार को जिलाध्यक्ष विवेकानंद मिश्रा की अध्यक्षता में ‘सेवा संकल्प अभियान—जन सेवा ही प्रभु सेवा’ को लेकर बैठक आयोजित की गई। बैठक में अभियान की तैयारियों और आगामी कार्यक्रमों को लेकर कार्यकर्ताओं के साथ चर्चा की गई।
जिलाध्यक्ष विवेकानंद मिश्रा ने कहा कि यह अभियान सेवा भाव को प्रोत्साहित करने और स्थानीय स्तर पर जनकल्याण की गतिविधियों को सक्रिय करने का प्रयास है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं और नागरिकों से सेवा कार्यों में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया।
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर के उपलक्ष्य में तथा उनके सार्वजनिक जीवन के 25 वर्षों की सेवा की उपलब्धियों के स्मरण एवं समर्पण स्वरूप 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक ‘सेवा संकल्प अभियान—जन सेवा ही प्रभु सेवा’ चलाया जाएगा।
अभियान का औपचारिक उद्घाटन 17 सितंबर को भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री हरीश द्विवेदी द्वारा किया जाएगा। इस अवसर पर युवा मोर्चा की ओर से पार्टी कार्यालय पर रक्तदान शिविर आयोजित किया जाएगा। इसके अलावा स्थानीय अस्पतालों और वृद्धाश्रमों में फल एवं आवश्यक सामग्री का वितरण किया जाएगा।
अभियान के तहत शाम को प्रत्येक बूथ के माध्यम से लाभान्वित परिवारों के आवास पर दीप जलाकर आशीर्वाद प्रेषित किया जाएगा। इसके साथ ही स्वच्छता अभियान, औषधि वितरण, वृद्धों एवं जरूरतमंदों की सहायता सहित विभिन्न सामाजिक कल्याण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
बैठक में अमृत कुमार वर्मा, अजय पाल सिंह, दिव्यांशु दूबे, पल्लव श्रीवास्तव, सचिन सिंह, अरविन्द सिंह, प्रदीप चौधरी, गौरव अग्रवाल, अश्वनी श्रीवास्तव, जमुना पांडे, गजेंद्र मणी, हनुमान प्रसाद, आदित्य सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।