राम मंदिर चंदा चोरी प्रकरण पर भड़के महंत एकनाथ महाराज, ‘पर्ची वाले बाबाओं’ को खुली चुनौती……

 

अयोध्या। राम मंदिर से जुड़े कथित चंदा चोरी प्रकरण को लेकर तापसी छावनी पीठ के उत्तराधिकारी महंत राजर्षि एकनाथ महाराज ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए पर्ची बनाने और चमत्कार का दावा करने वाले बाबाओं पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने बिना किसी का नाम लिए कहा कि जो लोग स्वयं को दिव्य शक्ति का धनी बताते हैं, उन्हें अब अपनी कथित सिद्धि साबित करनी चाहिए।

महंत एकनाथ महाराज ने कहा कि जब रामलला के दरबार से जुड़े कथित चंदा चोरी प्रकरण की चर्चा पूरे देश में हो रही है, तब पर्ची निकालने, लोगों का नाम बताने और भविष्य बताने का दावा करने वाले बाबा सामने आकर यह बताएं कि चोरी किसने की और धन कहां गया। उन्होंने कहा कि यदि उनकी कथित सिद्धियां वास्तविक हैं तो देश और समाज से जुड़े ऐसे महत्वपूर्ण मामलों का खुलासा करें, केवल मंचों पर लोगों को प्रभावित करने तक सीमित न रहें।

उन्होंने आरोप लगाया कि धर्म और आस्था के नाम पर चमत्कार का माहौल बनाकर लोगों को गुमराह किया जा रहा है। उनका कहना था कि सनातन धर्म साधना, तप और सत्य का मार्ग है, न कि पर्ची, चमत्कार और रहस्य का प्रदर्शन। उन्होंने कहा कि राम का नाम किसी दिखावे का माध्यम नहीं, बल्कि जीवन का सत्य और मर्यादा का प्रतीक है।

महंत एकनाथ महाराज ने कहा कि यदि कोई व्यक्ति दावा करता है कि उसे अलौकिक ज्ञान प्राप्त है, तो उसे राम मंदिर चंदा चोरी जैसे मामले में सच सामने लाकर अपनी शक्ति सिद्ध करनी चाहिए। यदि ऐसा नहीं कर सकता तो लोगों को भ्रमित करने वाले दावे करना बंद कर देना चाहिए।

उन्होंने कहा कि आज अनेक तथाकथित ‘पर्ची वाले बाबा’ और चमत्कार दिखाने वाले प्रवचनकर्ता आस्था को मनोरंजन और व्यवसाय का माध्यम बना रहे हैं। ऐसे लोगों के कारण अंधविश्वास बढ़ रहा है और धर्म की मूल भावना को नुकसान पहुंच रहा है। उन्होंने कहा कि सनातन समाज को ऐसे दावों के प्रति सजग रहने की आवश्यकता है।

महंत एकनाथ महाराज ने कहा कि धर्म की रक्षा चमत्कारों से नहीं, बल्कि सत्य, सेवा, त्याग और साधना से होती है। जो भी व्यक्ति धर्म के नाम पर लोगों की भावनाओं का लाभ उठाता है, उसके खिलाफ समाज को आवाज उठानी चाहिए l