अटल आवासीय विद्यालय में जलभराव से बदहाल व्यवस्था

अटल आवासीय विद्यालय में जलभराव से बदहाल व्यवस्था

 

गंदे पानी के बीच स्कूल पहुंचने को मजबूर छात्र-छात्राएं, स्थायी समाधान पर उठे सवाल

 

लवकुश सिंह संवाददाता

अनुराग लक्ष्य न्यूज बस्ती

 

बस्ती। अटल आवासीय विद्यालय परिसर में पिछले कई दिनों से जलभराव के कारण बदहाल स्थिति बनी हुई है। विद्यालय परिसर के अधिकांश हिस्सों में पानी जमा होने से छात्र-छात्राओं को हॉस्टल से क्लासरूम तक पहुंचने के लिए गंदे पानी के बीच से होकर गुजरना पड़ रहा है। इससे बच्चों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

 

बताया जाता है कि विद्यालय परिसर के ठीक बगल से मनोरमा नदी गुजरती है। लगातार जलभराव के चलते परिसर में जगह-जगह पानी जमा हो गया है। विद्यालय में छात्र एवं छात्राओं के लिए अलग-अलग हॉस्टल की व्यवस्था है। हॉस्टल से विद्यालय के अन्य हिस्सों तक जाने वाले रास्ते पर पानी भरा होने के कारण बच्चों को मजबूरी में इसी रास्ते से होकर गुजरना पड़ रहा है।

 

जलभराव के कारण कई छात्र-छात्राओं के कपड़े और जूते गंदे होने के साथ ही भीग जा रहे हैं। इसके बावजूद उन्हें रोजाना इसी रास्ते से कक्षाओं तक पहुंचना पड़ रहा है। विद्यालय परिसर में शिक्षकों के आवास एवं अन्य भवन भी मौजूद हैं, जहां रहने वाले कर्मचारियों को भी जलभराव की समस्या का सामना करना पड़ रहा है।

 

लगातार पानी जमा रहने से परिसर में गंदगी के साथ संक्रमण और अन्य स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का खतरा भी बढ़ गया है। ऐसे में बच्चों की सुरक्षा और स्वास्थ्य को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।

 

तीन साल बाद फिर सामने आई वही समस्या

 

बताया जाता है कि करीब तीन वर्ष पहले भी अटल आवासीय विद्यालय परिसर में इसी तरह भारी जलभराव की स्थिति उत्पन्न हुई थी। उस समय अधिकारियों से शिकायत और बातचीत के दौरान भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा न बने, इसके लिए स्थायी समाधान का आश्वासन दिया गया था।

 

लेकिन करीब तीन वर्ष बीतने के बाद एक बार फिर विद्यालय परिसर में जलभराव की वही तस्वीर सामने आने से जिम्मेदारों के दावों और पूर्व में किए गए आश्वासनों पर सवाल खड़े हो गए हैं। यदि समय रहते स्थायी जलनिकासी की व्यवस्था की गई होती तो शायद बच्चों को आज गंदे पानी के बीच से होकर विद्यालय पहुंचने की मजबूरी नहीं होती।

 

फिलहाल विद्यालय परिसर में जलभराव की स्थिति बनी हुई है। अभिभावकों और विद्यालय से जुड़े लोगों की मांग है कि जिम्मेदार अधिकारी मौके का निरीक्षण कर जलभराव की समस्या का तत्काल समाधान कराएं तथा भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा उत्पन्न न हो, इसके लिए स्थायी जलनिकासी की व्यवस्था सुनिश्चित करें।

 

सबसे बड़ा सवाल यही है कि बच्चों की सुरक्षा, स्वास्थ्य और विद्यालय की मूलभूत सुविधाओं की जिम्मेदारी आखिर किसकी है और इस समस्या का स्थायी समाधान कब होगा ।