आकांक्षात्मक विकासखंड की समीक्षा के बाद विशेष सचिव ने किया सीएचसी मछलीशहर का निरीक्षण, स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता पर दिया जोर

*आकांक्षात्मक विकासखंड की समीक्षा के बाद विशेष सचिव ने किया सीएचसी मछलीशहर का निरीक्षण, स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता पर दिया जोर

 

मछलीशहर, जौनपुर।

आकांक्षात्मक विकासखंड मछलीशहर में विकासखंड स्तर पर आयोजित समीक्षा बैठक के उपरांत उत्तर प्रदेश शासन के विशेष सचिव श्री रघुवीर द्वारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मछलीशहर का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्वास्थ्य केंद्र में संचालित विभिन्न स्वास्थ्य सेवाओं, मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं तथा शासन की प्राथमिकता वाले स्वास्थ्य कार्यक्रमों की प्रगति का जायजा लिया।

विशेष सचिव के आगमन पर खंड विकास अधिकारी मछलीशहर सुश्री अंजली भारती सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा उनका स्वागत किया गया। निरीक्षण के दौरान डॉ. अमरनाथ यादव, डॉ. अमरेश चंद्र अग्रहरी तथा स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी श्री शैलेंद्र विश्वास उपस्थित रहे।

विशेष सचिव ने स्वास्थ्य केंद्र के विभिन्न विभागों का भ्रमण करते हुए मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही चिकित्सा सुविधाओं, साफ-सफाई, दवा की उपलब्धता, जांच सेवाओं तथा अभिलेखों के रख-रखाव की स्थिति का अवलोकन किया। उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक प्रभावी एवं जनोपयोगी बनाने के लिए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि आकांक्षात्मक विकासखंड के रूप में स्वास्थ्य संबंधी संकेतकों में निरंतर सुधार के लिए विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों को टीम भावना के साथ कार्य करते हुए निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध ढंग से पूरा करना चाहिए। साथ ही, शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम पंक्ति में खड़े पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना प्राथमिकता होनी चाहिए।

निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने क्षेत्र में संचालित विभिन्न स्वास्थ्य कार्यक्रमों एवं उपलब्धियों की जानकारी विशेष सचिव को दी। अधिकारियों ने शासन द्वारा निर्धारित लक्ष्यों की पूर्ति तथा स्वास्थ्य सेवाओं में निरंतर सुधार के लिए किए जा रहे प्रयासों से भी अवगत कराया।