विशेष सचिव राज्य कर ने आकांक्षी ब्लाक हुज़ूरपुर का किया भ्रमण

विशेष सचिव राज्य कर ने आकांक्षी ब्लाक हुज़ूरपुर का किया भ्रमण

पीएचसी रमवापुर तथा सिंहपुर ग्राम का किया निरीक्षण

 

बहराइच 05 अक्टूबर। विशेष सचिव, राज्य कर, उ.प्र. शासन श्रीमती निधि श्रीवास्तव ने जनपद भ्रमण के दौरान आकांक्षी ब्लाक हुजूरपुर का भ्रमण कर प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र रमवापुर, ग्राम पंचायत सिंहपुर का स्थलीय निरीक्षण कर स्ूकल, आंगनबाड़ी केन्द्र, पंचायत भवन, प्रधानमंत्री आवास, स्वच्छ शौचालय, पेयजल परियोजना इत्यादि का निरीक्षण कर विभिन्न व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की तथा राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन अन्तर्गत गठित महिला स्वयं सहायता समूह की महिला सदस्यों के साथ संवाद कर समूह द्वारा उत्पादित वस्तुओं के बारे में भी जानकारी प्राप्त की।

सर्वप्रथम प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र रमवापुर का निरीक्षण करते हुए विशेष सचिव ने मौजूद मरीज़ों व तीमारदारों से वार्ता कर चिकित्सालय द्वारा प्रदान की जा रही स्वास्थ्य सेवाओं एवं सुविधाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की। मरीज़ों एवं तीमारदारों की ओर से कोई भी प्रतिकूल तथ्य प्रकाश में नहीं आया। विशेष सचिव ने चिकित्सालय में उपलब्ध दवाओं की सघन समीक्षा करते हुए ड्रग लिस्ट के अनुसार उपलब्ध दवाओं का जायज़ा लिया। ड्रग लिस्ट में उल्लिखित 195 दवाओं के सापेक्ष 170 दवाएं उपलब्ध पायी गयीं। उन्होंने दवाओं का भौतिक सत्यापन ही नहीं किया बल्कि दवाओं के आनलाइन मांग पत्र की भी चेकिंग की जिसमें सभी विवरण दुरूस्त पाये गये।

डायग्नोस्टिक सेन्टर में सभी व्यवस्थाएं चाक चौबन्द पायी गयी। निरीक्षण के दौरान मरीज़ों की जांच की जा रही थी। प्रसव कक्ष के दौरान भी सभी व्यवस्थाएं दुरूस्त मिली अलबत्ता कक्ष में सीलन मिलने पर निर्देश दिया गया कि इसको दुरूस्त करा दिया जाय। क्षय रोग कक्ष के निरीक्षण के दौरान पाया बलगम की जांच की जा रही है तथा चिन्हित मरीज़ों को घर पर ही दवा दी जा रही है। उन्होंने इससे सम्बन्धित अभिलेखों का भी निरीक्षण किया जो दुरूस्त पाये गये। विशेष सचिव ने एम्बुलेन्स संचालन के बारे में जानकारी प्राप्त करते हुए निर्देश दिया कि एम्बुलेन्स संचालन से सम्बन्धित विस्तृत विवरण को चिकित्सालय की दीवार प्रमुखता के साथ लिखवाया जाय ताकि अधिक से अधिक मरीज़ सेवा का लाभ प्राप्त कर सकें। उन्होंने होम्योपैथी व आयुष सहित अन्य कक्षों का भी निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायज़ा लिया तथा आवश्यक दिशा निदेर्श दिये।

विशेष सचिव ने सिंहपुर का भ्रमण करते हुए प्राथमिक विद्यालय एवं आंगनबाड़ी केन्द्र का निरीक्षण कर पाठन-पाठन की गुणवत्ता एवं आईसीडीएस द्वारा संचालित योजनाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की। विशेष सचिव ने पोषण ट्रैकर ऐप में दर्ज विवरण के अनुसार बच्चों का वज़न चेक किया तथा सैम मैम बच्चों की समीक्षा करते हुए निर्देश दिया कि शासन द्वारा निर्धारित मानक के अनुसार गर्भवती एवं धात्री महिलाओं एवं बच्चों को लाभान्वित किया जाय। यहां पर उन्होंने 02-02 बच्चों व गर्भवती महिलाओं की गोद भराई की तथा अन्नप्रासन कराया। इसके उपरान्त विशेष सचिव ने ग्राम का भ्रमण करते हुए प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण अर्न्तगत निर्मित आवास, स्वच्छ शौचालय, पंचायत भवन, पेयजल परियोजना का निरीक्षण कर लाभार्थियों से फीड बैक प्राप्त किया तथा राष्ट्रीय ग्रामीण पेयजल योजना अन्तर्गत गठित स्वयं सहायता समूह की महिलाओं से संवाद करते हुए समूह द्वारा उत्पादित उत्पादों के बार में जानकारी प्राप्त की।

:ःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःः