प्रभारी मंत्री विजय लक्ष्मी गौतम ने गिनाईं केंद्र सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियां

प्रभारी मंत्री विजय लक्ष्मी गौतम ने गिनाईं केंद्र सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियां

 

प्रेस वार्ता में बोलीं—हर वर्ग के उत्थान के लिए ऐतिहासिक फैसले

 

विकास, सुरक्षा और आत्मनिर्भर भारत की दिशा में देश ने रचा नया इतिहास

 

जितेन्द्र पाठक

 

संत कबीर नगर।केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में प्रभारी मंत्री विजय लक्ष्मी गौतम ने प्रेस वार्ता कर सरकार की उपलब्धियों को विस्तार से रखा। इस दौरान उन्होंने कहा कि पिछले 12 वर्षों में देश ने विकास, सुशासन और जनकल्याण के क्षेत्र में अभूतपूर्व उपलब्धियां हासिल की हैं। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारत को नई दिशा, नई ऊर्जा और वैश्विक पहचान मिली है।

प्रेस वार्ता के दौरान मंत्री ने कहा कि सरकार ने “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास” के संकल्प के साथ समाज के हर वर्ग को सशक्त बनाने का कार्य किया है। गरीबों, किसानों, मजदूरों, महिलाओं और वंचित वर्गों के लिए अनेक जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित की गईं। जनधन योजना के तहत करोड़ों लोगों को बैंकिंग सुविधा से जोड़ा गया, उज्ज्वला योजना के माध्यम से गैस कनेक्शन उपलब्ध कराए गए, वहीं आयुष्मान भारत योजना से गरीबों को मुफ्त इलाज की सुविधा मिली।

उन्होंने बताया कि स्वच्छ भारत मिशन के तहत देशभर में शौचालयों का निर्माण कर स्वच्छता को बढ़ावा दिया गया। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत गरीबों को पक्के मकान उपलब्ध कराए गए और डिजिटल इंडिया के जरिए सरकारी सेवाओं को पारदर्शी बनाया गया। साथ ही, स्टार्टअप इंडिया, स्किल इंडिया और मेक इन इंडिया जैसी योजनाओं ने युवाओं को रोजगार और आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ाया है।

इन्फ्रास्ट्रक्चर के क्षेत्र में हुए विकास पर प्रकाश डालते हुए मंत्री ने कहा कि देश में सड़कों, रेलवे, मेट्रो और हवाई अड्डों का तेजी से विस्तार हुआ है। ग्रामीण क्षेत्रों को पक्की सड़कों से जोड़ने और रेलवे के आधुनिकीकरण से आमजन को बड़ी राहत मिली है।

राष्ट्रीय सुरक्षा के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि सरकार ने देश की सीमाओं को मजबूत किया है और आतंकवाद के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है। धारा 370 हटाने और सर्जिकल स्ट्राइक जैसे कदमों से भारत की ताकत पूरी दुनिया ने देखी है।

अंत में उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के 12 वर्ष विकास और जनसेवा के लिए समर्पित रहे हैं, और आगे भी देश को आत्मनिर्भर एवं विकसित राष्ट्र बनाने के लिए इसी गति से कार्य जारी रहेगा।