सई नदी में डूबा युवक: बाबा बेलखरनाथ धाम में स्नान के दौरान हादसा, तलाश जारी

सई नदी में डूबा युवक: बाबा बेलखरनाथ धाम में स्नान के दौरान हादसा, तलाश जारी

रिपोर्टर अनुराग उपाध्याय

प्रतापगढ़ के बाबा बेलखरनाथ धाम में रविवार को सई नदी में स्नान करते समय एक 18 वर्षीय युवक डूब गया। युवक दर्शन-पूजन के लिए धाम आया था। घंटों की तलाश के बावजूद युवक का अब तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है। कंधई थाना क्षेत्र के नारायणपुर चौबेपुर गांव निवासी लालचंद्र गौतम के पुत्र नितिन (18) रविवार सुबह करीब 11:30 बजे धाम में जलाभिषेक करने पहुंचे थे। परंपरा के अनुसार, वह पहले सई नदी में स्नान करने गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, नहाते समय नितिन पुल के पास गहरे पानी में चले गए और संतुलन बिगड़ने से डूबने लगे। नितिन ने डूबते समय मदद के लिए शोर मचाया, जिसे सुनकर आसपास मौजूद श्रद्धालु और दुकानदार मौके पर पहुंचे। हालांकि, नदी के तेज बहाव और गहराई के कारण वह कुछ ही पलों में पानी में ओझल हो गए।घटना की सूचना मिलते ही दिलीपपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और तत्काल स्थानीय गोताखोरों की मदद से बचाव अभियान शुरू कराया। पुलिस ने नदी में जाल डालकर युवक की तलाश की, लेकिन देर शाम तक कोई सफलता नहीं मिल पाई। स्थानीय लोगों ने बताया कि धाम पर भारी भीड़ के बावजूद खतरनाक घाटों पर न तो बैरिकेडिंग की गई है और न ही चेतावनी बोर्ड लगाए गए हैं। उनका आरोप है कि इस लापरवाही के कारण ऐसे हादसे बार-बार होते रहते हैं।पुलिस ने जानकारी दी कि अतिरिक्त गोताखोरों को बुलाया जा रहा है और युवक की तलाश का अभियान लगातार जारी रहेगा।